शहर

दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर बना काल, ओखला में धमाके से एक की मौत; 4 घायल

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहित सिंह के रूप में हुई है।

Image

दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट

दिल्ली : दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार सुबह औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने वाणिज्यिक गोदाम के मालिक को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, सिलेंडर ट्रक से उतारते समय सड़क पर गिर गया था, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहित सिंह के रूप में हुई है। वह ओखला फेज-1 में काम करने वाली एक कंपनी में हेल्पर था और दिल्ली के जैतपुर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, मोहित करीब तीन साल से इस कंपनी के साथ काम कर रहा था।

घटना में घायल उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज को तत्काल इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस को सुबह 10:45 बजे विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की तीन गाड़ियां और मल्टी-कैजुअल्टी फर्स्ट रिस्पॉन्डर वाहन भी घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। इसके बाद गोदाम मालिक को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूर एक ऐसी कंपनी के लिए काम करते थे, जो मेडिकल इस्तेमाल और गैस कटिंग के लिए औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडरों की ट्रेडिंग और स्थानीय सप्लाई करती है। कंपनी के मैनेजर के मुताबिक, सिलेंडर लेकर वाहन सुबह गोदाम पहुंचा था। मजदूर सिलेंडरों को उतारकर अंदर ले जा रहे थे, तभी एक सिलेंडर सड़क पर गिर गया और तुरंत विस्फोट हो गया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सिर्फ एक सिलेंडर के फटने की बात सामने आई है। हालांकि, विस्फोट की सटीक तकनीकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल, सिलेंडर, वाहन और अन्य संबंधित सामग्री की तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। बदरपुर के एसडीएम योगेश पाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस सिलेंडरों के स्वामित्व, सप्लाई एजेंसी और अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article