गाजियाबाद

गाजियाबाद में घर का सपना होगा सच, अगले 6 महीने में सैकड़ों लोगों को मिलेगा फ्लैट

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) डासना में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित 432 फ्लैट जल्द ही आवंटियों को सौंपने की प्रक्रिया में है। अधिकारियों के मुताबिक, इन फ्लैट्स का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है, और लाभार्थियों को आवंटन पत्र भेजे जा रहे हैं।

Image

जीडीए सौंपेगा 432 फ्लैट

Photo : Times Now Digital

Dasna Flat Projects: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) डासना में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बनाए गए 432 फ्लैट जल्द ही आवंटियों को सौंपने की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार, इन फ्लैट्स का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आवंटन पत्र लाभार्थियों को भेजे जा रहे हैं। अगले चार से छह महीनों में सभी लाभार्थियों को फ्लैट का कब्जा मिल जाने की संभावना है। यह प्रोजेक्ट 11 मार्च 2019 को शुरू हुआ था, जिसे दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य था।

हालांकि तय समय में निर्माण पूरा नहीं हो सका, लेकिन अब लगभग सभी फ्लैट बनकर तैयार हैं। केवल कुछ इकाइयों में फिनिशिंग और बाहरी क्षेत्रों का कार्य बाकी है, जिसे अगले दो महीनों में पूरा किया जाएगा। हाल ही में जीडीए ने ड्रा के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया है। चयनित आवंटियों की सूची जारी कर दी गई है और उन्हें आवंटन पत्र डाक के जरिए भेजे जा रहे हैं। इन पत्रों के मिलने के बाद लाभार्थियों को नियमानुसार आगे की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया भी दो महीने में पूरी कर ली जाएगी। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जीडीए सचिव स्वयं परियोजना की निगरानी कर रहे हैं और नियमित निरीक्षण कर निर्माण सामग्री की जांच कर रहे हैं।

बाहरी विकास कार्यों की जिम्मेदारी

ठेकेदारों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस परियोजना के तहत आंतरिक निर्माण कार्य तो जीडीए द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन बाहरी विकास कार्यों की जिम्मेदारी अन्य विभागों की थी, जिसमें जल निगम, यूपी पावर कॉरपोरेशन, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम शामिल हैं। इन विभागों द्वारा कार्य समय पर पूरा न किए जाने के कारण अब जीडीए ने स्वयं ही ये कार्य करने का निर्णय लिया है। डासना परियोजना में बाहरी सीवर पर 2.81 करोड़ रुपये और जलापूर्ति पर 1.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

निर्माण लगभग पूरा

जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह के अनुसार, डासना प्रोजेक्ट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही लाभार्थियों को फ्लैट का कब्जा दे दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जीडीए कुल पांच परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है, जिनमें 3,496 फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में मधुबन बापूधाम (856 फ्लैट), डासना (432 फ्लैट), प्रताप विहार (1200 फ्लैट), नूरनगर (480 फ्लैट) और निवाड़ी (528 फ्लैट) शामिल हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर काम की गति धीमी बनी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article