गाजियाबाद

विकास का प्रतीक बना गाजियाबाद... कभी था अपराध का गढ़, अब दुनिया के टॉप 50 शहरों में शामिल: CM योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद के साहिबाबाद में सीईएल-ईएसडीएस ग्रीन डेटा सेंटर की नींव रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पिछले 8 सालों में राज्य ने जबरदस्त विकास किया है। गाजियाबाद कभी अपराध के लिए कुख्यात था लेकिन अब यह स्वच्छता, सुव्यवस्था और विकास का आदर्श बन चुका है। उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रियों को भी रवाना किया।

Image

सीएम योगी ने ग्रीन डेटा सेंटर का शिलान्यास किया

Ghaziabad News: गाजियाबाद के साहिबाबाद में सीईएल-ईएसडीएस ग्रीन डेटा सेंटर की नींव रखी। इस मौके पर सीएम योगी ने खुशी जताई और कहा कि यह नया डेटा सेंटर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2070 तक देश को नेट जीरो के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि साल 2027 तक यूपी में 20,000 मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी बनाई जाएगी, जिसमें सीईएल की अहम भूमिका होगी। सीएम योगी ने गुरुवार सुबह गाजियाबाद में सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि कभी घाटा झेलने वाली इकाई सीईएल, विनिवेश से बचने और मुनाफे में लौटने के बाद भारत के मिनी रत्न सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में से एक के रूप में उभरी है।

गाजियाबाद नए प्रगतिशील शहर में बदला

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से राज्य ने पिछले 8 सालों में विकास में महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिससे गाजियाबाद एक नए प्रगतिशील शहर में बदल गया है। गाजियाबाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि शहर की छवि पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय गाजियाबाद के नाम पर अपराध और गैंगवार आधारित फिल्में बनती थीं। आज वही शहर विकास, स्वच्छता और सुव्यवस्था का आदर्श बनकर उभरा है। गाजियाबाद का नाम दुनिया के शीर्ष 50 शहरों में शुमार है और यह उत्तर प्रदेश का पहला स्वच्छ शहर है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले इस बात की कल्पना भी नहीं की जा सकती था कि जिला 12-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा और देश के पहले रैपिड रेल कॉरिडोर का हिस्सा बन जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज, गाजियाबाद में रैपिड रेल नेटवर्क, 12 लेन का राजमार्ग, मेट्रो संपर्क और एक हवाई अड्डा है।’’ संवाददाता सम्मेलन से पहले, मुख्यमंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के एक जत्थे को हरी झंडी दिखाई, यात्रा किट वितरित की और सुरक्षित तथा मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि दर्शन करके आने वाले सभी यात्रियों को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘कैलाश मानसरोवर भवन हमने यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित किया था। आज 200 से अधिक श्रद्धालु इस भवन में आकर यात्रा का हिस्सा बनने जा रहे हैं।’’

ग्रेटर गाजियाबाद में शामिल होंगे ये इलाके

सीएम योगी ने ग्रेटर गाजियाबाद विकास योजना के तहत खोड़ा, लोनी और मुरादनगर को गाजियाबाद नगर निगम में शामिल करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर में सभी नागरिक संस्थाओं ने सराहनीय प्रदर्शन किया है और कहा कि एक व्यापक विकास की रूपरेखा तैयार की जा रही है। एक एकीकृत कार्यालय परिसर बनाने और पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर निर्माण समेत बुनियादी ढांचों से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई।

गाजियाबाद एक खूबसूरत शहर के रूप में आगे बढ़ा

ठप पड़े खेल बुनियादी ढांचे के मसले को हल करते हुए मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा मूल रूप से अधिग्रहित भूमि को अपने कब्जे में लेने और स्टेडियम का निर्माण व प्रबंधन का जिम्मा संभालने का निर्देश दिया। उन्होंने शहर के हरित क्षेत्र में सुधार, कूड़े के ढेरों को खत्म करने और मियावाकी जंगलों और सिटी फॉरेस्ट की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘‘गाजियाबाद एक खूबसूरत शहर के रूप में आगे बढ़ा है। हाल के वर्षों में किए गए प्रयासों के कारण हरियाली का स्तर बढ़ा है।’’

एक पेड़ मां के नाम अभियान

सीएम योगी ने हिंडन नदी के पुनरुद्धार, ‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान और रोजगारोन्मुखी विकास पहलों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि ‘‘डबल इंजन’’ सरकार प्रगति की इस यात्रा को जारी रखेगी और जनप्रतिनिधियों के सभी सुझावों और पहलों को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन के दौरान राज्य मंत्री सुनील कुमार शर्मा, असीम अरुण, नरेंद्र कश्यप, गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा, मंजू सिवाच और नंदकिशोर गुर्जर भी मौजूद थे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article