Baghpat Fake Finance Scam: बागपत जिले में एक कथित फर्जी फाइनेंस कंपनी द्वारा निवेशकों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने सिने अभिनेता श्रेयस तलपड़े, आलोक नाथ समेत 22 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि लोनी में स्थित अर्बन स्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ, गाजियाबाद समेत कई जिलों में अपने एजेंटों के माध्यम से निवेश योजनाएं संचालित कीं। कंपनी ने निवेशकों को यह वादा किया कि उनके निवेश की गई राशि एक वर्ष में दोगुनी हो जाएगी।
प्रचार-प्रसार में बॉलीवुड कलाकारों का इस्तेमाल
एएसपी प्रवीण सिंह चौहान के अनुसार, कंपनी ने अपने प्रचार-प्रसार में बॉलीवुड कलाकारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि श्रेयस तलपड़े को प्रमोटर और आलोक नाथ को ब्रांड एंबेसडर के रूप में पेश किया गया, जिससे जनता का विश्वास मजबूत हुआ। इस भरोसे के कारण 500 से अधिक लोगों ने क्षेत्र में लाखों रुपये का निवेश किया। पुलिस के अनुसार, जब एक साल बाद निवेशकों ने अपनी राशि वापस लेने का प्रयास किया, तो कंपनी का कार्यालय बंद मिला और किसी भी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद निवेशकों को यह समझ आया कि वे ठगी के शिकार हो गए हैं।
आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज
बागपत की बबली समेत कई पीड़ित निवेशकों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कंपनी ने उनके दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर किए और जमा की गई राशि हड़प ली। पुलिस ने इन शिकायतों के आधार पर सोमवार को कंपनी के संचालकों, एजेंटों और प्रमोटरों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, उनके बैंक खातों की जांच की जा रही है और जिन हस्तियों के नाम और तस्वीरों का प्रचार में इस्तेमाल किया गया, उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
