Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाका हुआ और आग लग गई। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं, जिससे आसपास मौजूद कई लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। इस दौरान एक युवक आग की लपटों में बुरी तरह घिर गया। उसने अपनी जान बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
शॉर्ट सर्किट के कारण फटा ट्रांसफार्मर
यह हादसा शुक्रवार को गाजियाबाद के खोड़ा मकनपुर नगर पालिका क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जांच में ट्रांसफार्मर में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर फट गया, जिससे उसका ऑयल दूर तक जा गिरा। जिसकी चपेट में 5 लोग आ गए। इस दौरान एक युवक के कपड़ों में भी आग लग गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटों में घिरा युवक सड़क पर भागते हुए नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
इस घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने जेई, एसडीओ और एक्सईएन को मामले की सूचना दी। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी देरी से पहुंचे। बिजली विभाग के एक अधिकारी के अनुसार सिनेमा हाल परिसर के पास एक ट्रांसफार्मर रखा था। जहां बिजली की चोरी को रोकने के लिए सड़क पर यूनिट लगाई गई थी। जिसके फटने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि आंतरिक फाल्ट के कारण यूनिट फटी है।
