Badaun Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार डबल डेकर बस खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में 27 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चारों ओर घायलों की चीख पुकार मच गई। आनन फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसपर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
चंदोई टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
यह हादसा इस्लामनगर थाना क्षेत्र में चंदौई टोल प्लाजा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस लुधियाना से आ रही थी। तभी चंदौई टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बहजोई में भर्ती कराया गया, उनका प्राथमिक उपचार किया गया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बस चालक के नशे में होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। जिसे पुलिस ने हटवाकर यातायात बहाल कराया।
घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
