शहर

राजधानी चेन्नई से लेकर रामेश्वरम तक, मिलिए तमिलनाडु के सबसे फेमस शहरों से

दक्षिण भारत का प्रमुख राज्य तमिलनाडु अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन इतिहास और आधुनिक विकास के लिए जाना जाता है। यहां के भव्य मंदिर, कला-संगीत की परंपराएं और तेजी से बढ़ते उद्योग इसे खास पहचान देते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की हलचल के बीच आइए जानते हैं इस राज्य के कुछ सबसे प्रसिद्ध शहरों के बारे में।

Image

तमिलनाडु के सबसे फेमस शहरों के नाम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Famous cities of Tamil Nadu: दक्षिण भारत का प्रमुख राज्य तमिलनाडु अपनी समृद्ध संस्कृति, प्राचीन सभ्यता और गौरवशाली इतिहास के लिए विशेष पहचान रखता है। यह भूमि हजारों सालों से कला, साहित्य, स्थापत्य और आध्यात्मिक परंपराओं का केंद्र रही है। यहां के भव्य मंदिर, शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम, संगीत और पारंपरिक त्योहार राज्य की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत बनाते हैं। तमिलनाडु न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति कर रहा है।

अपनी गहरी जड़ों से जुड़ा यह राज्य आज भी भारतीय संस्कृति की विरासत को सहेजते हुए नए युग की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। इन दिनों पूरा राज्य आगामी विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Election 2026) की तैयारियों में जुटा है। बता दें कि, तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें तमिलनाडु विधानसभा के सभी 234 सदस्य चुने जाएंगे। वोटों की गिनती के साथ नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज हम बात करेंगे तमिलनाडु के सबसे फेमस शहरों की। तो आइए जानें इनके बारे में।

तमिलनाडु के सबसे फेमस शहर कौन से हैं?

तमिलनाडु के ये प्रमुख शहर अपनी अलग-अलग पहचान, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं-

Chennai, Tamil Nadu

चेन्नई, तमिलनाडु

चेन्नई (Chennai)

राज्य की राजधानी चेन्नई आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम प्रस्तुत करती है। बंगाल की खाड़ी के किनारे बसा यह महानगर लंबे समुद्री तटों, खासकर मरीना बीच की रौनक के लिए जाना जाता है। यहां मायलापुर में स्थित कपलेश्वर मंदिर द्रविड़ स्थापत्य शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है, जबकि शहर की कला, संगीत और खानपान संस्कृति इसे बेहद जीवंत बनाती है।

मदुरै (Madurai)

दक्षिण भारत के सबसे प्राचीन शहरों में गिना जाने वाला मदुरै धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे ‘मंदिरों का शहर’ या 'पूर्व का एथेंस' भी कहा जाता है, जहां स्थित मीनाक्षी अम्मन मंदिर अपनी भव्यता और सूक्ष्म नक्काशी के कारण श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आकर्षित करता है।

कोयंबटूर (Coimbatore)

तेजी से विकसित हो रहा यह शहर उद्योग और व्यापार का बड़ा केंद्र है। कपड़ा उद्योग की अधिकता के कारण इसे ‘दक्षिण भारत का मैनचेस्टर’ भी कहा जाता है। साथ ही, यह शिक्षा और आईटी क्षेत्र में भी लगातार प्रगति कर रहा है।

Thanjavur City

तंजावुर शहर

तंजावुर (Thanjavur)

चोल वंश की सांस्कृतिक राजधानी रहे तंजावुर में स्थित बृहदेश्वर मंदिर द्रविड़ वास्तुकला का अद्भुत नमूना है और यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल है। यह शहर शास्त्रीय कला, चित्रकला और संगीत परंपराओं के लिए भी जाना जाता है। आज भी यहां पर चोल वंश की वीरता के किस्से प्रचलित हैं।

तिरुचिरापल्ली (Tiruchirappalli)

कावेरी नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक शहर अपने रॉकफोर्ट मंदिर (Rock Fort Temple) के लिए प्रसिद्ध है, जो एक ऊंची चट्टान पर स्थित है। यहां से पूरे शहर का मनोरम दृश्य दिखाई देता है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। इसके साथ ही यहां पर रंगनाथस्वामी मंदिर भी मौजूद है।

कन्याकुमारी (Kanyakumari)

भारत की मुख्य भूमि का अंतिम दक्षिणी छोर होने के कारण यह स्थान विशेष महत्व रखता है। यहां अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर का संगम होता है। सूर्योदय और सूर्यास्त का अद्भुत दृश्य यहां आने वाले लोगों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन जाता है।

Rameswaram

रामेश्वरम

रामेश्वरम (Rameswaram)

यह एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है, जहां स्थित रामनाथस्वामी मंदिर हिंदू श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। यह भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंग मंदिरों में से एक है। समुद्र से घिरा यह द्वीप शहर अपनी शांत प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के कारण भी लोगों को आकर्षित करता है।

कांचीपुरम (Kanchipuram)

‘हजार मंदिरों का शहर’ कहे जाने वाला कांचीपुरम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा यहां बनने वाली कांजीवरम रेशमी साड़ियां अपनी गुणवत्ता और पारंपरिक डिजाइन के कारण पूरे देशभर में तो क्या पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article