गुजरात के गांधीनगर जिले के छत्राल जीआईडीसी स्थित कोविका कलर कंपनी में गुरुवार को बॉयलर फटने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कंपनी में आग लग गई। गांधीनगर के पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमशेट्टी ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबित, गुरुवार की शाम कलोल तालुका स्थित छत्राल GIDC की कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट केमिकल कंपनी में जोरदार धमाका हुआ। केमिकल प्लांट के रिडक्शन वेसल और बॉयलर में प्रेशर बढ़ने से ब्लास्ट होने की जानकारी मिली है। धमाके की चपेट में आकर पास में काम कर रहे चार मजदूर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से झुलस गए। चारों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विनोदकुमार सिंद, टेडा देहारी, लभण मीणा और सिंकंदर देहरी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कलोल तालुका पुलिस, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। स्थानीय प्रांत अधिकारी, मामलतदार और FSL की टीम ने घटनास्थल पर जांच शुरू की है। कलोल तालुका पुलिस इंस्पेक्टर जे.जे. गढ़वी के मुताबिक, शुरुआती जांच में वेसल में ओवरप्रेशर के कारण हादसा होने की आशंका है। हादसे का सटीक कारण FSL रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंपनी के पास फायर NOC और अन्य जरूरी कानूनी मंजूरियां थीं, लेकिन सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है
