शहर

Bareilly News: 25 हजार के इनामी पूर्व राज्यमंत्री को पुलिस ने मेरठ में घेरा, आखिरकार गिरफ्तारी, किसानों से करोड़ों की ठगी का आरोप

बरेली क्राइम ब्रांच ने किसानों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनपर जमीन के कारोबार के नाम पर किसानों को मुनाफे का झांसा देने का आरोप है।

Image

किसानों से करोड़ों की कथित ठगी के आरोप में पूर्व राज्यमंत्री मेरठ से गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Bareilly Farmer Fraud Case: बरेली में किसानों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार के समय के दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरेली क्राइम ब्रांच ने डिजिटल सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से एक बड़े ऑपरेशन के तहत आरोपी को मेरठ से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ अकेले बरेली जिले में ही 38 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

होटल और फैक्ट्री के नाम पर किसानों से ठगी का आरोप

पुलिस के अनुसार, पन्नालाल कश्यप और उसके कथित नेटवर्क ने मिलकर किसानों को अपनी ठगी का शिकार बनाया। आरोपी किसानों को होटल, फैक्ट्री और जमीन के कारोबार में निवेश करने के नाम पर जाल में फंसाते थे। आरोप है कि किसानों को जमीन के बदले बड़ा मुनाफा देने का भरोसा लालच दिया जाता था। किसानों से जमीन करने के बाद जब भुगतान का समय आता था, तो आरोपी टालमटोल करने लगते थे और पैसे हड़प लेते थे।

बरेली में दर्ज हैं 38 मुकदमे

पुलिस के अनुसार, पन्नालाल कश्यप के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों का दायरा काफी बड़ा है। आरोपी के खिलाफ बरेली में 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य जिलों से भी शिकायतें सामने आई हैं। इन्हीं मामलों को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने पन्नालाल कश्यप की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। क्राइम ब्रांच काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी और संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही थी। हाल ही में पुलिस टीम ने गाजियाबाद में भी आरोपी के संभावित ठिकाने पर दबिश दी थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर आरोपी वहां से फरार हो गया और गिरफ्तारी से बच गया।

मेरठ में ट्रेस हुई लोकेशन, घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस ने डिजिटल सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से पन्नालाल की लोकेशन ट्रेस की, जो मेरठ मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में उसके कथित नेटवर्क, सहयोगियों और ठगी से जुड़ी संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article