शहर

दिल्ली में विदेशी युवक की आत्महत्या की कोशिश, होटल के बाहर हंगामा; पुलिस ने बचाई जान

सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज में तुर्कमेनिस्तान निवासी 29 वर्षीय जेयहुन ने होटल के बाहर आत्महत्या की कोशिश की। नशे की हालत में उसने बिना किराया दिए कमरा मांगा, मना करने पर चाकू से खुद को नुकसान पहुंचाने लगा। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करके उसकी जान बचा ली।

Image

दिल्ली के पहाड़गंज में विदेशी शख्स की आत्महत्या की कोशिश

सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक विदेशी नागरिक द्वारा आत्महत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस की तत्परता ने समय रहते उसकी जान बचा ली। पुलिस के अनुसार, तुर्कमेनिस्तान निवासी 29 वर्षीय जेयहुन (Mr. Jeyhun) 20 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक पहाड़गंज स्थित व्हाइट ग्लो होटल में ठहरे हुए थे। 10 जनवरी को वह चेकआउट करके चले गए।

बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को वह एक बार फिर उसी होटल में पहुंचे, लेकिन इस बार वह नशे की हालत में थे। होटल स्टाफ के मुताबिक, जेयहुन ने बिना भुगतान (किराया) किए कमरा देने की मांग की। उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं और वह मुफ्त में यहां रहना चाहते हैं। होटल कर्मचारियों ने कमरा उपलब्ध न होने और नियमों का हवाला देते हुए मना कर दिया।

कमरा न मिलने पर जेयहुन गुस्से में आ गया और कथित तौर पर अपने पास मौजूद चाकू से गला काटकर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही होटल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय बीट स्टाफ और पुलिस को इस बारे में जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत हस्तक्षेप कर जेयहुन को और गंभीर चोट पहुंचाने से रोका। हालांकि, तब तक काफी खून बह चुका था। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए, उन्हें तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (LHMC) अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान पुष्टि हुई कि वह भारी नशे में थे। मेडिको-लीगल केस (MLC) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में किसी कर्ज या पैसों के विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article