शहर

गुजरात में भारी बारिश का प्रकोप! जूनागढ़ में बाढ़ जैसे हालात, अहमदाबाद में धंसी सड़कें

Gujrat Rain: गुजरात में बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के चलते जूनागढ़ में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। अहमदाबाद में सड़कें धंस गई। इसके अलावा कई अन्य शहरों में जलभराव भी हुआ। साथ ही निचले इलाके भी पानी से भर गए हैं।

Image

गुजरात में भारी बारिश

Gujrat Rain: मॉनसून ने अपने शुरुआती दिनों में ही प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुजरात में आसमानी आफत बरसने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते कई शहरों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जूनागढ़ में बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। साथ ही नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। वहीं अहमदाबाद में सड़कें धंस गई। गुजरात में आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

आज सुबह भी कई इलाकों में हुई बारिश

आईएमडी के अनुसार सौराष्ट्र से सटे उत्तर-पूर्व अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। जिसकी वजह से गुजरात में बारिश हो रही है। आज सुबह भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। सौराष्ट्र के कई इलाकों में सुबह तेज बारिश हुई। सुबह 6 से 8 बजे के दौरान 120 तालुकाओं में बारिश दर्ज की गई। इनमें द्वारका का जामखंभालिया, कल्याणपुर, विसावदर, कलावड, राजकोट का धोराजी, जूनागढ़ का वंथरी और राजकोट का उपलेटा शामिल है। भारी बारिश के चलते जूनागढ़ में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिली। साथ ही मेघल नदी भी जल स्तर बढ़ने से यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में सौराष्ट्र क्षेत्र, दक्षिण और मध्य गुजरात में भारी बारिश होने की संभावना है।

बीते 25 घंटों में बारिश का रिकॉर्ड

शहरबारिश (cm में)
बाबरा (अमरेली)11
भेसन (जूनागढ़)11
विसावदर (जूनागढ़)11
जूनागढ़ (जूनागढ़)10
जेतपुर (राजकोट)9
वाडिया (अमरेली)8
केशोद (जूनागढ़)8
रानावाव (पोरबंदर)8
मोरबी (मोरबी)8

कई इलाकों में भरा पानी

गुजरात में कई जिलों में हुई भारी बारिश से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते सूरत, अहमदाबाद, भुज, वापी और भरुच के कुछ इलाके जलमग्न हो गए। साथ ही निचले इलाके में भी जलभराव देखने को मिला। सड़कें पानी से लबालब हो गई है। जिससे ट्रैफिक की आवाजाही में भी समस्या हो रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article