शहर

हिमाचल में कुदरत का कहर... धर्मशाला में बाढ़ में बहे 15 से 20 मजदूर, 2 के शव बरामद; सर्च ऑपरेशन जारी

धर्मशाला में मणुणी खड्ड में अचानक बाढ़ आने से 15 से 20 मजदूर पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो लोगों का शव बरामद कर लिया गया है। शेष लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

Image

धर्मशाला में बाढ़

Dharamshala Flood: हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के बाद अब धर्मशाला से भी बड़ा हादसा सामने आया है। जहां पानी का बहाव अचानक बढ़ने से 15 से 20 मजदूर बह गए। जिसमें से दो मजदूरों के शव अब तक बरामद किए जा चुके हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है, इसके लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ये सभी मजदूर खड्ड किनारे बने एक शेड में ठहरे हुए थे। ये सभी लोग जम्मू के बताए जा रहे हैं। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने इस घटना पर दुख जताया है।

खराब मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बना बाधा

यह हादसा सेखनियारा के इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रल प्रोजेक्ट के पास स्थित सोकणी दा कोट इलाके में मणुणी खड्ड में हुआ। जहां अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। जिससे 15 से 20 मजदूर इसकी चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन दल और पुलिस मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन खराब मौसम होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाकी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। मौसम अनुकूल रहने पर रात में भी रेस्क्यू जारी चलाया जा सकता है।

कांगड़ा के DC हेमराज बैरवा ने बताया कि 2 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। SDRF, पुलिस, SDM और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हम लापता लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए लोगों की गिनती कर रहे हैं। जिसके बाद ही कहा जा सकता है कि कितने लोग घटना का शिकार हुए हैं। फिलहाल स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितनी बताई जा रही है। मनुनी खड्ड के पास एक छोटी पनबिजली परियोजना है। इसके पास कुछ मजदूर रहते थे। यह कई धाराओं का संगम स्थल है। भारी बारिश के कारण यहां का जलस्तर बढ़ गया, जिससे कुछ लोग पानी में बह गए। हम अभी तक लोगों की संख्या का पता नहीं लगा सकते। दो मृतकों की पहचान की जा रही है। लापता लोगों की आधिकारिक संख्या जल्द ही सामने आएगी।

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने की घटन की पुष्टि

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक समाचार है कि इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रल प्रोजेक्ट, सोकणी दा कोट (खनियारा), धर्मशाला में मणुणी खड्ड में पानी का बहाव अचानक बढ़ने से लगभग 15 से 20 मजदूर बह गए। ये सभी खड्ड किनारे बने शेड में रह रहे थे। ऐसी हृदय विदारक घटना शायद ही पहले कभी देखी गई हो। हम इस दुःखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को संबल प्रदान करें।"

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article