Firozabad Crime News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जहां एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी। जिसके बाद पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप!
यह मामला थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी व्यक्ति की पहचान राकेश राठौर के रूप में हुई है। जिसने अपनी बेटी मुस्कान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने बेटी को मौत के घाट उतारने के बाद अपनी पत्नी पुष्पा देवी पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा किया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।
बीच-बचाव करने आई मां पर भी हमला
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक, मां-बेटी में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मुस्कान कुछ दिन पहले बिना बताए घर से कहीं चली गई थी, जिससे उसके पिता काफी नाराज थे। इसी बात को लेकर घर में तनाव का माहौल बना हुआ था। रविवार को विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले बेटी पर हमला किया और बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी पर भी वार कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
