शहर

Thane News: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर 'बाबा खान' के घर पर तड़के फायरिंग, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

ठाणे के मुंब्रा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नदीम खान के घर पर अज्ञात बदमाशों ने शनिवार तड़के फायरिंग की। घटना के बाद खान ने पुलिस पर सुरक्षा न देने का आरोप लगाया है। जानिए क्या है मामला।

Image

इन्फ्लुएंसर नदीम खान के घर पर बदमाशों ने चलाई गोलियां

Photo : Times Now Digital

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शनिवार तड़के एक मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। ठाणे के मुंब्रा इलाके में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ठाणे जिले के मुंब्रा कस्बे का है, जिसमें शनिवार की अल सुबह कुछ बदमाशों ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नदीम (बाबा) खान के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4 बजे की है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ, हालांकि फायरिंग में नदीम खान की कार को नुकसान पहुंचा है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच

हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर आए और खान के घर को निशाना बनाया। फायरिंग के दौरान एक गोली नदीम खान की खड़ी कार को जा लगी, जिससे वाहन को हल्का नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। ठाणे सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने खान के घर पर दो राउंड फायरिंग की। अधिकारी ने कहा, "हमने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। हम हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।"

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नदीम खान बदमाशों पर चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में खान दावा कर रहे हैं कि उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकियां मिली थीं, जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस अधिकारी ने इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे खान के आरोपों की सच्चाई का पता लगा रहे हैं और पिछली शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!