Delhi Banquet Hall Fire: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक बैंक्वेट हॉल में आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 12:50 बजे आग लगने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक तीन दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच चुकी थीं और आग पर काबू पाया जा चुका था। शुरुआती तौर पर मौके पर कोई घायल नहीं मिला।
भंडारे के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को जानकारी दी गई कि दो घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है, हालांकि आसपास के अस्पतालों से उनकी भर्ती की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। बाद में शाम करीब 4 बजे प्रशांत विहार थाना क्षेत्र से एक और सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि इलाके के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘भंडारे’ के दौरान चार लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिस का कहना है कि यह सूचना उसी आग की घटना से जुड़ी हुई है।
हादसे की जांच जारी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “चार लोगों के झुलसने की जानकारी मिली है, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के सही कारण और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।” पुलिस को आशंका है कि आग भंडारे के लिए खाना बनाने या अन्य तैयारी के दौरान लगी होगी, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन?
मामले की तह तक जाने के लिए फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग द्वारा परिसर का निरीक्षण किया जा सकता है। पुलिस ने यह भी बताया कि बैंक्वेट हॉल का मालिक फिलहाल जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। उसे पूछताछ में शामिल होने और कार्यक्रम से जुड़ी अनुमतियों तथा अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देने के लिए कहा गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या घटना में लापरवाही या अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की कोई भूमिका रही है।
(इनपुट - पीटीआई)
