शहर

फरीदाबाद: जल्लाद बना पिता, बेटी को बेलन से पीट-पीटकर मार डाला, 50 तक सही से गिनती नहीं लिख पाई थी 4 साल की मासूम

आरोपी पिता ने अपने इस जघन्य अपराध को छिपाने की कोशिश की लेकिन वह पकड़ा गया। घटना के वक्त आरोपी का सात साल का लड़का घर पर था। उसने अपनी मां को पिता द्वारा अपनी बहन को पीटने की बात बताई। रंजीता ने भी अपनी बेटी के शरीर पर चोट के निशान पाए। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।

Image

फरीदाबाद में पिता ने बेटी की हत्या की। तस्वीर-@FBDPolice

Faridabad Crime: फरीदाबाद में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक पिता जल्लाद बन गया और अपनी चार साल की मासूम बेटी की हत्या केवल इसलिए कर दी क्योंकि वह सही-सही 50 तक गिनती नहीं लिख पाई। गुस्साए पिता बेलन से तब तक अपनी बेटी को मारता रहा जब तक कि वह अधमरी नहीं हो गई। बाप का इससे भी मन नहीं भरा तो उसने उसे फर्श पर पटक दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पिटाई के बाद अस्पताल ले गया आरोपी पिता

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शुक्रवार को आरोपी पिता कृष्णा जायसवाल (31) को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना फरीदाबाद के झाड़सेंतली में बुधवार को हुई। यहां बच्ची का परिवार किराए के एक मकान में रहता है। परिवार यूपी के सोनभद्र से है। पुलिस का कहना है कि वंशिका की बुरी तरह से पिटाई करने के बाद आरोपी पिता उसे लेकर अस्पताल गया और अपनी पत्नी रंजीता से बताया कि खेलते समय बेटी सीढ़ी से गिर गई।

पकड़ा न जाए इसलिए झूठी कहानी बनाई

आरोपी पिता ने अपने इस जघन्य अपराध को छिपाने की कोशिश की लेकिन वह पकड़ा गया। घटना के वक्त आरोपी का सात साल का लड़का घर पर था। उसने अपनी मां को पिता द्वारा अपनी बहन को पीटने की बात बताई। रंजीता ने भी अपनी बेटी के शरीर पर चोट के निशान पाए। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।

किराए के मकान में रहता था परिवार

सेक्टर 58 थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी कृष्णा जायसवाल (31) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शुक्रवार को शहर की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला अंतर्गत खेरतिया गांव का मूल निवासी जायसवाल फरीदाबाद में किराए के मकान में रहता था। वह और उसकी पत्नी निजी कंपनियों में काम करते थे। मां दिन में काम करती थी, जबकि जायसवाल इस दौरान घर पर बच्चों की देखभाल और अपनी बेटी की पढ़ाई की निगरानी करता था।

आरोपी से की जा रही पूछताछ

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 21 जनवरी को तब हुई जब जायसवाल ने बच्ची को एक से 50 तक गिनती लिखने को कहा। उन्होंने कहा कि जब वह यह काम पूरा नहीं कर पाई, तो पिता ने कथित तौर पर उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बारे में तब पता चला जब मां शाम को काम से लौटी और बच्ची को मृत पाया। अधिकारियों ने कहा कि बच्ची की मां की शिकायत पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। फरीदाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया और आरोपी से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article