Faridabad Ring Road: फरीदाबाद में रिंग रोड बनाने की प्लानिंग की जा रही है। इस योजना के तहत शहर के चारों ओर आउटर रिंग रोड बनाई जाएगी। इसके लिए फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डिवलेपमेंट अथॉरिटी (FMDA) ने प्लान तैयार कर लिया है। जिसे 10 जुलाई को होने वाली बोर्ड बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी के सामने रखा जाएगा। अगर सीएम ने इसे हरी झंडी दे दी तो एफएमडीए इस प्रॉजेक्ट को आस्तित्व में लाने के लिए इसपर काम शुरू करेगा। इस रोड के बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम वाली सड़कों से निजात मिल जाएगी। साथ ही शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से की ओर जाने में भी आसानी होगी।
70 किमी एरिया से गुजरेगी रिंग रोड
यह रिंग रोड करीब 70 किमी से ज्यादा के एरिया से गुजरेगी। इसके लिए अधिकारियों ने ग्राउंड सर्वे भी कर लिया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 5000 करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान लगाया गया है। यह रिंग रोड कई गांवों से होकर गुजरेगी। जिन जगहों पर सड़क बनी है, उन्हें चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा कई गांवों में जमीन अधिगृहित करनी पड़ेगी। जिसका जिक्र एफएमडीए ने प्रस्ताव में किया है। इसी वजह से प्रोजेक्ट का बजट पांच हजार करोड़ से ऊपर पहुंच रहा है।
आउटर रिंग रोड का संभावित रूट
अधिकारियों के अनुसार इस रिंग रोड का संभावित रूट भी बना लिया गया है। यह संभावित रूट बडखल-अनखीर रोड से सीधे भांखरी होते हुए पाली सोहना टी पॉइंट पर जाएगा। जहां से सिकरोना होते हुए सीकरी पहुंचाया जाएगा और सीकरी से डूंडसा गांव के रास्ते नरावली, मौजपुर, मंधावली, भुपानी गांव, बादशाहपुर होते हुए जाएगा। जिसके बाद इसे फिर बड़खल वाली रोड से कनेक्ट कर दिया जाएगा। इस रूट के अनुसार आउटर रिंग रोड पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। जिनमें बड़खल, एनआईटी, बल्लभगढ़, पृथला और तिगांव विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी रोड से जुड़ेगी
एफएमडीए वर्तमान में शहर के पश्चिमी हिस्से को डायरेक्ट पूर्वी हिस्से से जोड़ने पर काम कर रहा है। ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी रोड बड़खल रेलवे ओवरब्रिज से होते हुए ग्रेटर फरीदाबाद आएगी। जिससे ग्रेटर फरीदाबाद से सीधा गुरुग्राम पहुंचा जा सकेगा। साथ ही गुरुग्राम से आने वाला ट्रैफिक ग्रेटर फरीदाबाद से होते हुए नोएडा जा सकेगा। आउटर रिंग रोड को ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी रोड से ही जोड़ा जाएगा। इसके अलावा रिंग रोड को कुंडली-गाजियाबाद-पलवल और नोएडा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की आशंका है।
आउटर रिंग रोड की जरूरत
फरीदाबाद के पश्चिमी हिस्से में गुरुग्राम, पूर्व में नोएडा-गाजियाबाद, उत्तर में दिल्ली और दक्षिणी हिस्से में पलवल बसा है। ऐसे में गुरुग्राम जाने वाले लोगों को शहर से होकर गुजरना पड़ता है और वहां से आने वाले लोगों को नोएडा जाने के लिए भी शहर से होकर जाना पड़ता है। जिससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। लेकिन रिंग रोड के होने से शहर के बाहर से ही सभी जिलों में ट्रैफिक पहुंच सकता है। जिससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम नहीं झेलना पड़ेगा। इस वजह से एफएफडीए ने आउटर रिंग रोड को बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
