फरीदाबाद : सेक्टर-8 स्थित सरौता जिम एंड वेलनेस क्लब जिम में एक्सरसाइज करते समय दिल का दौरा पड़ने से 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। ट्राइसेप्स एक्सटेंशन एक्सरसाइज करते समय पंकज नाम के शख्स की मौत होने की बात सामने आ रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह करीब 10 बजे जिम में दाखिल होता है और वर्कआउट शुरू करता है। करीब 20 मिनट बाद तक वह एक्सरसाइज करता नजर आ रहा है, उसके कुछ ही मिनटों के भीतर वह अचानक फर्श पर गिरकर अचेत हो जाता है।
175 किलोग्राम था युवक का वजन
युवक के गिरते ही जिम मौजूद साथी उसके पास गए और पंकज के चेहरे पर पानी छिड़ककर होश में लाने की कोशिश करने लगे। आनन-फानन में साथियों ने एंबुलेंस की मदद से उसे निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिम ट्रेनर पुनीत का कहना है कि पंकज उस समय भारी वजन नहीं उठा रहा था। वह बहुत ज़्यादा कसरत भी नहीं कर रहा था। हम उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं ले जा सके, क्योंकि उसका वजन लगभग 175 किलोग्राम था। लिहाजा, तुरंत चिकित्सा सहायता बुलाई गई।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पंकज की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। जानकारी के मुताबिक, पंकज एक व्यवसायी था और पिछले पांच महीनों से उसी जिम में नियमित रूप से एक्सरसाइज के लिए जाता था। उसकी अचानक मौत ने जिम के सदस्यों और कर्मचारियों को सदमे में डाल दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
