गंगा एक्सप्रेसवे पर एक फॉर्च्यूनर कार के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो और सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, यह कार बुलंदशहर के डिबाई से बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह की बताई जा रही है।हादसा इतना जोरदार था कि तेज रफ्तार एसयूवी सड़क से उतरकर किनारे की मिट्टी में काफी दूर तक घिसटती चली गई और फिर एक पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना में विधायक समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को इलाज के लिए दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर बताया जा रहा है कि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दुर्घटना में फॉर्च्यूनर को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
टायर फटने के बाद बेकाबू हुई कार
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिखाई देता है कि एक्सप्रेसवे पर चल रही फॉर्च्यूनर अचानक नियंत्रण से बाहर हो जाती है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे उतर गया और किनारे मौजूद मिट्टी वाले हिस्से में काफी दूरी तक घिसटता रहा। कुछ दूर जाने के बाद कार एक पोल से टकराकर रुक गई। हादसे के दौरान वाहन में सवार विधायक सहित दो लोग घायल हो गए।लखनऊ से गाजियाबाद लौटते समय हादसा
जानकारी के मुताबिक चंद्रपाल सिंह लोधी लखनऊ से गाजियाबाद की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। विधायक को बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की वजह के तौर पर फिलहाल टायर फटने की बात सामने आई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं।नोट: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की Times Navbharat स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
