Faridabad: ओल्ड फरीदाबाद में स्थित एक निजी स्कूल में डांस के समय स्टूडेंट्स के बीच हुआ विवाद कुछ ही देर में चाकूबाजी में बदल गया। स्कूल के बाहर निकलकर एक स्टूडेंट ने दूसरे स्टूडेंट पर चाकू से हमला बोल उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। चाकूबाजी होता देख दूसरे स्टूडेंट्स ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद हमलावर स्टूडेंट वहां से भाग गए। इस हमले में बुरी तरह से घायल स्टूडेंट को एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावर नाबालिग स्टूडेंट व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान स्टूडेंट्स का डांस भी था। डांस के दौरान ही दो स्टूडेंट्स के बीच स्टेज पर ही कहासुनी शुरू हो गई। उस समय टीचर्स ने दोनों में बीच-बचाव कर विवाद को शांत करा दिया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब सभी स्टूडेंट्स स्कूल से बाहर निकल रहे थे तो पहले से ही घात लगाकर बैठे एक स्टूडेंट ने अपने साथियों के साथ दूसरे स्टूडेंट पर हमला बोल दिया।
