Faridabad: परिवार की महिलाओं के बीच हुए मामूली झगड़े से शुरू हुए विवाद में दो भतीजों ने मिलकर अपने चाचा की हत्या कर दी। परिवार के बीच यह विवाद पलवल के एक गांव में हुआ था, वहीं हत्या फरीदाबाद के सेक्टर-59 में की गई। पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद में चाचा और भतीजे साथ रहकर काम करते थे, यहीं पर भतीजों ने मिलकर चाचा को बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़कर गिरफ्तार कर लिया है।
फरीदाबाद डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि, मृतक और आरोपी पलवल के खिलूका गांव के रहने वाले हैं। मृतक कामिल फरीदाबाद के सेक्टर-59 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बतौर ट्रक चालक नौकरी करता था। मृतक के साथ उसके भतीजे साजिद और आबिद भी साथ रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस के अनुसार, गांव में उनका जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसकी वजह से पिछले कुछ समय से परिवार के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बीते 28 अक्टूबर को भी जमीन को लेकर ही परिवार की महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ था।
दोनों भाइयों ने मिलकर लोहे की रॉड और डंडे से पीटापुलिस ने बताया कि, उस समय आरोपी साजिद और आबिद के छोटे भाई ने गांव में मृतक कामिल के भाई सलमू को पीट दिया था। इस बात को लेकर फरीदाबाद में साथ रह रहे चाचा कामिल और भतीजे साजिद और आबिद के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि, इस दौरान दोनों भाइयों ने मिलकर चाचा कामिल को लोहे की रॉड और डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पलवल से परिजन फरीदाबाद पहुंचे और कामिल को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक सप्ताह के इलाज के बाद शनिवार को कामिल की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग किए गए डंडा व लोहे की रॉड बरामद कर ली है।
