Faridabad News: फरीदाबाद के एनआईटी थाना क्षेत्र में करीब 10 दिन पहले अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी को थाप प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता की टीम ने यूपी से पकड़ा। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी का नाम सूरज है और यह यूपी के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर गांव का रहने वाला है। यह अपनी पत्नी के साथ एनआईटी एरिया में एक किराये के कमरे में रहता था। आरोपी के खिलाफ एनआईटी थाने में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था।
बता दें कि, दशहरा से एक दिन बाद आरोपी पति ने अपनी पत्नी राजकुमारी को जहर देकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक महिला के भाई द्वारा जीजा के खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज कराया गया था। मृतक के भाई ने अपनी शिकायत में बताया कि, उसकी बहन राजकुमारी की शादी आरोपी सूरज के साथ 2015 में हुई थी। आरोपी यहां पर माली का काम करता है। मृतक महिला के भाई ने अपने जीजा सूरज तथा उसके दोस्तों पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया था।
कीटनाशक दवाई पिलाकर की हत्या
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा कि, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, दशहरे के दिन पत्नी ने उससे दशहरा का मेला दिखाने के लिए कहा था, लेकिन उसने मेला जाने से मना कर दिया, जिसके बाद उसकी पत्नी शाम को अकेले ही मेला देखने चली गई। आरोपी सूरज ने बताया कि, जब उसे इस बात का पता चला तो उसे गुस्सा आ गया और वह उसे लेने के लिए मेले में पहुंचा। जहां पर इस बात को लेकर उसकी पत्नी के साथ झगड़ा भी हुआ। वहां से घर आने के बाद दोनों के बीच एक बार फिर से झगड़ा हुआ। दूसरे दिन आरोपी ने गुस्से में आकर पौधों में डालने वाली कीटनाशक दवाई जबरन अपनी पत्नी को पिला दी जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
