Faridabad: हरियाणा एसटीएफ की टीम ने फरीदाबाद के एक मोस्ट वांटेड इनामी तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह आरोपी फरीदाबाद के अलावा गुरुग्राम और करनाल में भी लंबे समय से वांछित था। एसटीएफ की टीम ने आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित कुबनी गांव से गिरफ्तार करने में सफलता पाई। हरियाणा पुलिस ने इस आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस आरोपी को फरीदाबाद समेत करनाल व गुरुग्राम पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी, लेकिन यह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहता।
एसटीफ के अनुसार, इस आरोपी पर फरीदाबाद के कोतवाली समेत कई थानों में नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले दर्ज हैं। इस मामले में जिला अदालत ने इसे 10 मार्च 2022 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। जिसके बाद इसे पकड़ने की जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंपी गई। पुलिस के अनुसार, श्यामलाल नाम का यह आरोपी कुल्लू जिले के कुबनी गांव का ही रहने वाला है। एसटीएफ को सूचना मिली कि, यह वांटेड तस्कर अपने गांव आया हुआ है, जिसके बाद एसटीएफ के अधीक्षक जयवीर राठी ने एसटीएफ के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर गिरफ्तारी के लिए कुल्लू भेजा।
