Faridabad: नए साल पर राज्य सरकार की तरफ से किसी बड़े तोहफे या घोषणा का इंतजार कर रहे फरीदाबाद के लोगों को बड़ा झटका लगा है। यहां पर रातों-रात सीएनजी के दाम को बढ़ा दिया गया है। फरीदाबाद में सीएनजी देने वाली एजीएल यानी अडानी गैस लिमिटेड कंपनी ने तत्कालीन प्रभाव से सीएनजी के दाम में 95 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। सीएनजी की यह बढ़ोतरी फरीदाबाद के साथ पलवल में भी की गई है। इस बढ़ोतरी के साथ फरीदाबाद सीएनजी रेट में दिल्ली और गुरुग्राम से आगे निकल गया है। इस समय फरीदाबाद में सबसे महंगा सीएनजी मिल रहा है।
बता दें कि फरीदाबाद एक उद्योगिक शहर है, यहां पर माल ढुलाई से लेकर अन्य परिवहन सुविधाओं के लिए ज्यादातर सीएनजी वाहनों का ही उपयोग किया जाता है। सीएनजी के रेट में एकाएक आए इस उछाल का असर वाहन चालकों के अलावा आम लोगों पर भी पड़ना तय है। काफी दिनों से किराया रेट बढ़ाने की मांग कर रहे ऑटो-टैक्सी चालक अब फिर से अपनी मांग को लेकर हड़ताल कर सकते हैं। इसके अलावा एक कंपनी द्वारा सीएनजी का रेट बढ़ाए जाने के बाद दूसरी कंपनियां भी जल्द सीएनजी का रेट बढ़ा सकती हैं।
जानिए, अब कितने में मिलेगी सीएनजी
बता दें कि, फरीदाबाद में सबसे ज्यादा सीएनजी स्टेशन अडानी ग्रुप के ही हैं। यह ग्रुप यहां पर 20 से अधिक स्टेशनों के माध्यम से सीएनजी की आपूर्ति करता है। वहीं, अगर दोनों जिलों के सीएनजी स्टेशनों को मिला दिया जाए तो यह संख्सा 35 तक पहुंच जाती है। इन स्टेशनों पर प्रतिदिन लाखों वाहन सीएनजी खरीदते हैं। सीएनजी के नए रेट बीती रात से लागू हो गए हैं। इस बढ़ोतरी के साथ अब फरीदाबाद में सीएनजी का रेट 85 रुपये 14 पैसे प्रति किलोग्राम हो गया है। जबकि पलवल में सीएनजी 86 रुपये 14 पैसे प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। अभी तक फरीदाबाद में सीएनजी का रेट 84.19 रुपये प्रति किलो और पलवल में 85.19 रुपये दी जा रही थे। सीएनजी के रेट में अचानक से हुई इस बढ़ोतरी की वजह से मंहगाई की मार झेल रहे लोगों की परेशानी बढ़ेगी। इसका लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
