Faridabad: फरीदाबाद के सरूरपुर औद्योगिक क्षेत्र में लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पर एक फैक्ट्री में बीती रात ऑटो सवार बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोपित फैक्ट्री की सुरक्षा में तैनात चौकीदार के हाथ-पैर बांधकर फैक्ट्री से करीब 17 लाख रुपये कीमत का पीतल लूटकर ले गए। चौकीदार को सुबह दूसरी फैक्ट्री के चौकीदारों ने बंधन मुक्त कराया। जिसके बाद घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक को दी। जिसके बाद लूट की जानकारी पुलिस को दी गई। लूट की यह वारदात फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
लूट के इस मामले में सेक्टर-55 के रहने वाले फैक्ट्री मालिक गजे सिंह द्वारा पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, सरूरपुर क्षेत्र में उनकी पीतल का सामान बनाने की फैक्ट्री है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, शाम को काम खत्म हो जाने के बाद सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। फैक्ट्री में सिर्फ चौकीदार मौजूद था। देर रात को तीन बदमाश ऑटो में सवार होकर फैक्ट्री पहुंचे। इसके बाद दीवार फांदकर फैक्ट्री के अंदर घुसे और चौकीदार को काबू कर उसके हाथ-पैर बांध दिए।
बदमाश ऑटो में लोड कर ले गए तीन टन पीतल
इस मामले में चौकीदार ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि, बदमाशों के पास चाकू था। बदमाशों ने चाकू दिखाकर शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद बदमाशों ने उससे चाबी छीनकर फैक्ट्री का मुख्य गेट खोलकर ऑटो को अंदर ले आए। इसके बाद सभी आरोपियों ने फैक्ट्री से करीब तीन टन पीतल का सामान बोरों में भरकर ऑटो पर लोड किया और वहां से भाग गए। चौकीदार के हाथ-पैर बंधे थे, इसलिए रातभर वह वैसे ही पड़ा रहा। सुबह दूसरी फैक्ट्री के चौकरीदारों ने उसे बंधन मुक्त कराया। जिसके बाद घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक को दी गई। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, लूटे गए पीतल की कीमत करीब 17 लाख रुपये है। पुलिस फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।
