फरीदाबाद

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर ढही मिट्टी, 2 महिलाओं की मौत; 2 घायल

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल पर मिट्टी ढहने से दो महिला मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार परियोजना के तहत बेसमेंट के लिए खुदाई का काम करते समय यह हादसा हुआ।

Image

(सांकेतिक फोटो)

फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को खुदाई के दौरान मिट्टी के ढेर के नीचे दबने से दो महिला मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई जब रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार परियोजना के तहत बेसमेंट के लिए खुदाई का काम किया जा रहा था। उसने बताया कि मजदूरों का एक समूह मिट्टी हटाने के लिए गहराई में उतरा था तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे चार मजदूर दब गए।

बिहार और बंगाल की रहने वाली थीं मृतका

घायलों को बाहर निकाल कर जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बिहार के लखीसराय जिले की निवासी नविता (32) और पश्चिम बंगाल की निवासी नंदिता (34) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। झारखंड निवासी घायल काजल और गोविंदा का उपचार किया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी मजदूर निर्माण स्थल के पास ही रह रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) घटना की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक श्रमिकों द्वारा कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article