Ernakulam-Bengaluru Vande Bharat Express: एर्नाकुलम और बेंगलुरु के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही एर्नाकुलम से बेंगलुरु के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, एर्नाकुलम मार्शलिंग यार्ड में पिट लाइन के इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य निर्देशों के अनुसार 30 अप्रैल को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इसके बाद एर्नाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन ने और अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों की मेजबानी करने की क्षमता हासिल कर ली है। आइए अब आपको एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज, इसके संचालन और कोच से संबंधित आवश्यक जानकारी दें।
कब से शुरू होगी एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
मिली जानकारी के अनुसार, एर्नाकुलम से बेंगलुरु जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन लोकसभा चुनाव 2024 के पूरा होने के बाद होगा। इस ट्रेन के माध्यम से एर्नाकुलम से बेंगलुरु जाने वाले लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। न केवल कम समय में बल्कि कई सुविधाओं के साथ वह यात्रा कर सकते हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव 7 चरणों में संपन्न होगा। अंतिम चरण के चुनाव 1 जून को होंगे, जिसके बाद मतगणना करके 4 जून को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। सारी बाधाएं पार करने के बाद इस वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन टाइम टेबल
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ऐर्नाकुलम रेलवे स्टेशन से सुबह 5 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:35 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। एर्नाकुलम से बेंगलुरु पहुंचने में करीब साढ़े सात घंटे का समय लगेगा। उसके बाद वापसी में ट्रेन बेंगलुरु से दोपहर 2:05 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। जानकारी के लिए बता दें कि ऊपर दिया गया टाइम टेबल अपेक्षित (Expected) टाइम टेबल है।
एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन स्टॉपेज और कोच
वंदे भारत ट्रेन एर्नाकुलम से बेंगलुरु तक की अपनी यात्रा में त्रिशूर, पलक्कड़, कोयंबटूर, इरोड और सेलम जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्री इन शहरों की खूबसूरती निहार सकते हैं। बता दें इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 8 कोच होंगे। आठ कोच वाली ट्रेन पिछले महीने यानी अप्रैल में केरल पहुंची है और कोल्लम में रखी गई है।
