शहर

'सब पकड़े जाएंगे, वजीर से लेकर बॉस तक', सत्येंद्र जैन के ठिकानों पर ED रेड; बिक्रम मजीठिया का बड़ा दावा

Satyendar Jain House ED Raid: चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित एक सरकारी आवास पर बुधवार रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया ने दावा किया कि यह आवास AAP नेता सत्येंद्र जैन का है।

Image

चंडीगढ़ में ED की बड़ी रेड (Photo: X/@bsmajithia)

Satyendar Jain House ED Raid: केंद्र की जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार रात चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित मकान नंबर 926 पर अचानक छापेमारी की। यह सरकारी आवास सर्किट हाउस के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। रेड की खबर मिलते ही मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। ईडी की तीन गाड़ियां परिसर के भीतर खड़ी दिखीं, जबकि स्थानीय पुलिस ने मीडिया समेत अन्य लोगों की एंट्री पूरी तरह रोक दी।

इस छापेमारी को लेकर पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया (Bikram Singh Majithia) ने दावा किया है कि सेक्टर-39 स्थित जिस कोठी पर ईडी की रेड चल रही है, वह दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के सह-प्रभारी सत्येंद्र जैन को पंजाब सरकार की तरफ से आवंटित की गई थी।

मजीठिया ने सोशल मीडिया पोस्ट कर AAP सरकार पर साधा निशाना

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मजीठिया ने तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, "सब पकड़े जाएंगे-अफसरों से लेकर वजीरों तक और वजीरों के बॉसों तक" मजीठिया ने यह भी दावा किया कि ईडी ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भतीजे गुरप्रीत सिंह 'प्रिंस' के घर पर भी रेड की है। अकाली नेता ने आरोप लगाया कि गमाडा (GMADA) घोटाले की जांच का दायरा अब धीरे-धीरे आईएएस अधिकारियों से आगे बढ़ते हुए बड़े राजनीतिक चेहरों तक पहुंच रहा है।

कई बड़े नाम होंगे बेनकाब-मजीठिया

मजीठिया के मुताबिक, ईडी निष्पक्षता से जांच आगे बढ़ा रही है और इसमें कई बड़े नाम बेनकाब होंगे। फिलहाल, मौके पर ईडी के अधिकारी दस्तावेजों और अन्य डिजिटल सामग्री की गहन जांच में जुटे हैं। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस घटनाक्रम ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article