उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बड़े मंगलवार पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कोठी खिदमतपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में तेज रफ्तार बजरी से लदा एक डंपर अचानक बेकाबू होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं।
यह हादसा अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कांठ मार्ग स्थित चक छाबी गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के तहत रामायण पाठ चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर मंदिर परिसर में जा घुसा और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में परम सिंह, महिपाल और पांच वर्षीय आयरन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
वहीं, घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम और एसपी ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
