शहर

Sultanpur: DJ की धमक से थम गईं 140 मुर्गियों की सांसें, आखिर कितना जानलेवा है तेज साउंड? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में डीजे की तेज आवाज को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पोल्ट्री फार्म संचालक ने 140 मुर्गियों की मौत का आरोप लगाया है। फार्म मालिक का दावा है कि बारात में बज रहे तेज डीजे साउंड से मुर्गियां घबरा गईं, जिसके बाद उनकी मौत गई।

Image

बारात के डीजे ने ली 140 मुर्गियों की जान

Sultanpur Chicken Deaths: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां एक पोल्ट्री फार्म संचालक ने आरोप लगाया है कि शादी समारोह में बज रहे तेज डीजे साउंड की वजह से उसकी 140 मुर्गियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर निवासी साबिर अली का एक कुक्कुट फार्म है, जहां हाल ही में बड़ी संख्या में मुर्गियां मृत पाई गईं। साबिर अली का कहना है कि उनके फार्म के पास से गुजर रही बारात में देर रात तक बेहद तेज आवाज में डीजे बजाया गया, जिससे मुर्गियां घबरा गईं और उनकी जान चली गई। इस मामले को लेकर उन्होंने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

डीजे ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

पुलिस ने इस मामले में डीजे ऑपरेटर कवि यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक तेज आवाज का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि पक्षियों और जानवरों पर भी पड़ सकता है। उनके मुताबिक, तेज ध्वनि के कारण कई बार पक्षियों को गंभीर तनाव या कार्डियक अरेस्ट जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दर्ज शिकायत में बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर ने बताया कि 25 अप्रैल की रात बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की बारात उनके फार्म हाउस के पास से निकली थी। आरोप है कि बारात में बज रहे डीजे की आवाज बेहद तेज थी, जिससे फार्म में मौजूद करीब 140 मुर्गियों की मौत हो गई।

मामले की जांच शुरू

साबिर अली का कहना है कि डीजे की आवाज बेहद तेज थी, जिसके चलते फार्म में मौजूद मुर्गियां बुरी तरह घबरा गईं और बड़ी संख्या में उनकी मौत हो गई। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक, साबिर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मंगलवार रात एफआईआर दर्ज कर ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि कार्यक्रम में बजाया गया डीजे तय ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में चलाया जा रहा था या नहीं।

विशेषज्ञों ने क्या बताया?

विशेषज्ञों के अनुसार, बहुत अधिक तेज आवाज और तीव्र ध्वनि तरंगें पक्षियों तथा जानवरों पर गंभीर असर डाल सकती हैं। इससे उनमें भय, तनाव और अचानक कार्डियक अरेस्ट जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका रहती है। माना जा रहा है कि सुल्तानपुर में मुर्गियों की मौत के पीछे यह भी एक संभावित वजह हो सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, कार्डियक अरेस्ट एक बेहद गंभीर चिकित्सीय स्थिति होती है, जिसमें व्यक्ति या जीव का दिल अचानक काम करना बंद कर देता है। ऐसी स्थिति में शरीर में रक्त संचार रुक जाता है और समय पर इलाज न मिलने पर जान का खतरा बढ़ जाता है।

इंसानों और जानवरों दोनों के लिए नुकसानदायक

जब दिल अचानक धड़कना बंद कर देता है, तो शरीर के जरूरी अंगों जैसे मस्तिष्क और फेफड़ों तक खून और ऑक्सीजन पहुंचना रुक जाता है। यदि समय रहते इलाज न मिले, तो यह स्थिति कुछ ही मिनटों में जानलेवा साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि डीजे की अत्यधिक तेज आवाज से निकलने वाली ध्वनि तरंगें इंसानों और जानवरों दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। लगातार ऊंची आवाज के संपर्क में रहने से सुनने की क्षमता पर भी बुरा असर पड़ सकता है और कई मामलों में लोग बहरेपन का शिकार तक हो सकते हैं। सुल्तानपुर की इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article