Ghaziabad Loni Pond Accident: गाजियाबाद के लोनी में एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जिस व्यक्ति की डूबने से मौत हुई वह दिल्ली का गोताखोर था। मामला लोनी में अंकुर विहार थाना क्षेत्र का है। जहां पर डाबर तालाब में डूबने से इस व्यक्ति की मौत हुई। दरअसल वह पिछले कई दिनों से लापता एक हिस्ट्रीशीटर युवक शादान का शव तलाशने के लिए तालाब में उतरा था।
अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डाबर कॉलोनी निवासी शादान 14 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर लताशी अभियान शुरू किया। कल यानी बुधवार 22 अप्रैल को शादान के परिजनों को डाबर तालाब के किनारे उसकी शर्ट दिखी। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शादान के डूबने की आशंका पर पुलिस ने डाबर तालाब में उसकी तलाशी शुरू की। इसके लिए दिल्ली से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। आज यानी गुरुवार 23 अप्रैल को जब गोताखोर सरताज उर्फ भूरा, शादान की तालाश में उतरा तो गहरे तालाब की दलदल और झाड़ियों में फंस गया।
काफी मशक्कत के बाद भी सरताज को ढूंढ़ा नहीं जा सका। लेकिन इस दौरान पिछले कई दिनों से लापता शादान का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। लेकिन खबर लिखे जाने तक गोताखोर सरताज का कोई पता नहीं चला और उसे ढूंढने के लिए गोताखोरों की टीम जुटी हुई है। आज की घटना के बाद लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इसके लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया।
डाबर तालाब में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। सिर्फ तीन दिन पहले ही एक बच्चा भी इसी तालाब में डूब गया था, जिसकी जान नहीं बचाई जा सकी थी। बता दें कि लोनी नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले इस तालाब की स्थिति काफी खराब है। कई एकड़ में फैले इस तालाब में झाड़ियां उगी हुई हैं। प्रशासन की अनदेखी के कारण यहां पर लोगों का अवैध रूप से कब्जा भी बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में यहां अवैध निर्माण कर लोगों के घर बना लिए हैं।
