शहर

Azamgarh Airport: इसी सप्ताह आजमगढ़ एयरपोर्ट से भरें उड़ान, जल्द ही बनेगा UP में एक और हवाई अड्डा

आजमगढ़ एयरपोर्ट को DGCA का लाइसेंस मिल चुका है। आजमगढ़ एयरपोर्ट से अब जल्द लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होगी।

Image

आजमगढ़ एयरपोर्ट

Photo : BCCL

आजमगढ़: मंदुरी एयरपोर्ट और यूपी के आजमगढ़ को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से लाइसेंस जारी कर दिया गया है। इसी सप्ताह आजमगढ़ से लखनऊ के लिए पहली उड़ान शुरू हो जाएगी। इसके लिए दो-तीन दिन में पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस एयरपोर्ट की निगरानी वाराणसी एयरपोर्ट अथॉरिटी करेगी। वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि निर्माण और लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लाइसेंस मिलने के साथ विमान संचालन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आजमगढ़ के मंदुरी एयरपोर्ट निदेशक के रूप में मुकेश यादव की नियुक्ति के साथ अन्य तकनीकी स्टाफ की भी तैनाती कर दी गई है।

जल्द जारी होगा शेड्यूल

अधिकारियों ने बताया कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत यहां से विमान संचालित किए जाएंगे। इसके किराए में सब्सिडी की योजना भी है। विमान संचालन के लिए एक निजी विमानन कंपनी का चयन किया जा चुका है, जिसे संचालन की अनुमति पहले से ही सौंप दी गई थी। एयरपोर्ट की लाइसेंसिंग के इंतज़ार में शेड्यूल नहीं जारी हुआ था। प्रदेश के रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत आजमगढ़ के मंदुरी में हवाई पट्टी का विस्तार कर एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है। इसके संचालन की प्रक्रिया लाइसेंस के इंतजार में लटकी हुई थी। लखनऊ की पहली फ्लाइट शुरू होने के साथ अन्य विमानन कंपनियों के आगे आने की संभावना जताई जा रही है।

म्योरपुर हवाई अड्डे का जल्द शुरू होगा निर्माण

वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट से ही म्योरपुर (सोनभद्र) हवाई अड्डे का भी संचालन किया जाएगा। ट्रेनिंग व संसाधन यहीं से उपलब्ध होंगे। म्योरपुर में एयरपोर्ट की जमीन के कुछ हिस्से का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। जैसे निस्तारण होता है प्राथमिकता पर हवाई अड्डा का निर्माण कराया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article