शहर

Delhi Pollution: दिल्ली में आज सुबह घने कोहरे से विजिबिलिटी जीरो, एक बार फिर दमघोंटू हुई हवा; ग्रेप-3 लागू

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। जिसने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कोहरे के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। कोहरे के साथ ही राजधानी में प्रदूषण भी फिर से गंभीर स्तर पर पहुंच गया और कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया।

Image

दिल्ली में घना कोहरा (ANI)

Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ लोग प्रदूषण की मार भी झेल रहे हैं। शनिवार सुबह कई इलाकों में जबरदस्त घना कोहरा देखने को मिला। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया, वहीं वाहन चालकों को धीमी रफ्तार में सफर करना पड़ा। वहीं राजधानी में एक बार फिर प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया।

दिल्ली में आनंद विहार में सबसे खराब हवा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), यूपीपीसीबी (यूपीपीसीबी) और आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। दिल्ली के हालात और भी खराब नजर आए। आनंद विहार में एक्यूआई 450 तक पहुंच गया, जो बेहद चिंताजनक है। चांदनी चौक में 435, पटपड़गंज में 440, नेहरू नगर में 425, पंजाबी बाग में 399, नॉर्थ कैंपस डीयू में 400, रोहिणी में 396, आरके पुरम में 379, बवाना में 368, ओखला फेज-2 में 367, अलीपुर में 352, अशोक विहार में 391, आया नगर में 322, डीटीयू में 353 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 308 एक्यूआई दर्ज किया गया। कई इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर पहुंचने के कारण हवा बेहद जहरीली श्रेणी में बनी हुई है।

नोएडा-गाजियाबाद में भी जहरीली हवा का कहर

नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 381, सेक्टर-62 में 361, सेक्टर-1 में 418 और सेक्टर-116 में 375 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद में इंदिरापुरम का एक्यूआई 360, लोनी में 412, संजय नगर में 307 और वसुंधरा में 437 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गुरुग्राम में आज सुबह एक्यूआई 346 रहा, जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। वहीं फरीदाबाद में एक्यूआई 253 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है।

दिल्ली में ग्रेप-3 फिर से लागू

प्रदूषण के लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर ग्रेप- 3 के नियमों को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। निर्माण गतिविधियों पर रोक, डीजल वाहनों पर प्रतिबंध और औद्योगिक इकाइयों की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है, हालांकि 18 और 19 जनवरी को कोहरे की तीव्रता कुछ कम होकर हल्के कोहरे की संभावना है। फिलहाल एनसीआर की जनता कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और जहरीली हवा की दोहरी मार झेलने को मजबूर है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article