Delhi Police Encounter: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में हुए यमुना खादर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में दो वांटेड आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान आतिफ और इस्माइल के रूप में हुई है। दोनों पर 15 जून को दयालपुर थाना क्षेत्र में राशिद की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी अनवर ठाकुर गिरोह से जुड़े हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुरानी गैंगवार के चलते हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, यह हत्या अनवर ठाकुर/हारून गैंग और नसीम गैंग के बीच पुरानी गैंगवार का नतीजा थी। घटना के दौरान दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरों में राशिद पर खुलेआम फायरिंग करते हुए नजर आए थे। हत्या के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं।
पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को घेरा
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को बुधवार को सूचना मिली कि दोनों आरोपी उस्मानपुर तीसरे पुश्ते से वजीराबाद रोड की तरफ आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए इलाके में जाल बिछाया। बुधवार रात लगभग 11:05 बजे पुलिस ने दोनों को एक बाइक पर सवार होकर आते देखा गया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद आतिफ और इस्माइल दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो .32 बोर की पिस्तौल, जिंदा और खाली कारतूस बरामद किए गए। जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों के पास मौजूद स्कूटी और बाइक दोनों चोरी की थीं। पुलिस ने दोनों वाहन भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
