शहर

Delhi News: दिल्ली में सनसनी, घर के अंदर मिला महिला का गला कटा शव, पति पर शक

दिल्ली के कैलाश नगर इलाके में एक महिला का शव उसके घर में गला कटा हुआ बरामद हुआ। पुलिस जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन पति उससे मिलने आया था। पुलिस को उसके पति की भूमिका का शक है, पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Image

Crime.

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder Case: दिल्ली के कैलाश नगर इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शनिवार को एक महिला का शव उसकी झुग्गी में संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। महिला का गला रेता हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस हत्याकांड में महिला के पति की भूमिका का शक है। पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे कैलाश नगर बीट इलाके में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल प्रमोद को सूचना मिली कि एक झुग्गी के अंदर महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में महिला मृत पाई गई और उसके गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति-पत्नी के बीच रहता था विवाद

मृतक महिला की पहचान रुखसार के रूप में हुई है, वह गांधी नगर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर इलाके में रहती थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रुखसार और उसके पति के बीच पिछले करीब दो सालों से अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन रुखसार का पति उससे मिलने आया था। इसी आधार पर पुलिस उसके पति की गतिविधियों और घटना में संभावित भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने इस मामले में सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article