साउथईस्ट दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 32 वर्षीय महिला की उसके पति ने छोटे LPG सिलेंडर से हमला कर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है। दंपती डीडीए जनता फ्लैट्स में रहते थे और लगभग एक महीने पहले ही राजस्थान के चूरू जिले से दिल्ली शिफ्ट हुए थे। दोनों की शादी वर्ष 2020 में हुई थी।
चीखें सुनकर पड़ोसियों ने दी सूचना
पुलिस के अनुसार, ये घटना रविवार देर रात को हुई। उस समय पड़ोसियों ने घर से चीख-पुकार सुनकर पुलिस को कॉल किया। जानकारी पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें पूनम गंभीर हालत में मिली, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साउथईस्ट जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच आर्थिक सहायता को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी अपने भाई को आर्थिक मदद देना चाहता था,जिसका पत्नी ने विरोध किया और इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
गुस्से में उठाया छोटा सिलेंडर, कई वार किए
जांच अधिकारी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी सुरेश ने गुस्से में घर में रखा छोटा LPG सिलेंडर उठाया और पत्नी पर एक के बाद एक कई बार वार किया,जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
दो बेटियों में एक थी मौके पर
पुलिस ने बताया कि दंपती की दो बेटियां हैं, जिनमें से एक चार वर्षीय बेटी चूरू में दादा-दादी के साथ रहती है,जबकि डेढ़ साल की दूसरी बेटी घटना के दौरान घर पर मौजूद थी। फिलहाल बच्चे सुरक्षित हैं।
मामला दर्ज कर फोरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जांच के लिए सबूत इकट्ठे किए हैं। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का क्रम स्पष्ट किया जा सके। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
