Laxmi Nagar Triple Murder: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी ही मां, भाई और बहन की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और खुद ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
वारदात शाम करीब पांच बजे हुई। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय यशवीर के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने अपनी मां कविता (46), बहन मेघना (24) और भाई मुकुल (14) की हत्या कर दी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है, क्योंकि किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उनके मोहल्ले में इतनी बड़ी वारदात हो जाएगी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
लक्ष्मी नगर में हुआ एक और मामला
इसी बीच, लक्ष्मी नगर में एक और मामला सामने आया, जहां विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति की पिटाई कर दी गई, उसकी पत्नी से कथित छेड़छाड़ की गई और उसके बेटे को कपड़े उतरवाकर मारापीटा गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में सतीश नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पीड़ित के जिम में केयरटेकर के रूप में काम करता था। बाकी आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, झगड़ा तब शुरू हुआ जब सतीश ने कथित तौर पर धोखे से जिम पर कब्जा करने की कोशिश की। दो जनवरी को पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों को घायल हालत में पाया और उन्हें हेडगेवार अस्पताल भेजा गया।
इलाज के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
