Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में आज शाम को अरुण जेटली स्टेडियम में IPL मैच होने वाला है। यह मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होगा, जो शाम 7 बजे से रात करीब 10:30 बजे तक चलेगा। जिसके चलते कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रह सकता है। जिसे देखते हुए दिल्ली में आज ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। अगर आप आज शाम को बाहर जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि जाम से बचने के लिए आपको किन रास्तों से दूर रहना चाहिए।
दिल्ली के इन रास्तों से आज बचें
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, 5 मई को शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास के इलाकों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनने की संभावना है। जिसके कारण कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने इन रास्तों से बचकर निकलने की सलाह दी है। खासतौर पर आज जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट) और बहादुर शाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से आईटीओ) पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहेगा, जिससे यहां लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ सकती है।
भारी वाहनों को किन रास्तों पर नहीं मिलेगी एंट्री
मैच के दौरान कुछ इलाकों में भारी और वाणिज्यिक वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। इस दौरान दरियागंज से दिल्ली गेट चौक, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक और ITO से दिल्ली गेट के बीच इन वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। नियमों के पालन न करने पर पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
स्टेडियम में एंट्री के लिए गेट
दर्शकों के लिए स्टेडियम में एंट्री के लिए अलग-अलग गेट तय किए गए हैं। दक्षिण दिशा के गेट (1 से 8) में बीएसजेड मार्ग से प्रवेश मिलेगा। पूर्व दिशा के गेट (10 से 15)में जेएलएन मार्ग से लोग एंट्री कर सकेंगे। वहीं पश्चिम दिशा के गेट (16 से 18) बीएसजेड मार्ग से एक्सेस किए जा सकेंगे। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। दर्शकों के लिए सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर पार्किंग उपलब्ध रहेगी। यहां लोगों को ‘पार्क एंड राइड’ की सुविधा भी मिलेगी। बिना वैध पार्किंग पास वाले वाहनों को स्टेडियम के पास आने की अनुमति नहीं होगी। गलत पार्किंग पर भी तुरंत टोइंग की कार्रवाई की जाएगी।
ऐप-आधारित टैक्सी सेवाएं
लोगों के लिए ऐप-आधारित टैक्सी की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए भी अलग पिकअप और ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 2 के पास मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, राजघाट चौक और रिंग रोड की सर्विस लेन शामिल हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए मैच से 2 घंटे पहले ही बस सेवाएं चालू हो जाएंगी और मैच खत्म होने के एक घंटे बाद तक जारी रहेंगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर जाने से पहले अपनी यात्रा प्लान करके निकले। प्रतिबंधित रास्तों की जगह वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी अपडेट के लिए लोग ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in, व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 या हेल्पलाइन 1095 / 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
