शहर

दिल्ली में AI Summit 2026 का आगाज, भारी ट्रैफिक अलर्ट, जानें किन रास्तों पर रहेगा पहरा; छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था

दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित AI Summit 2026 के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए विशेष इंतजाम और एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्तों की जानकारी दी गई है।

Image

दिल्ली में आज से लागू हुआ ट्रैफिक डायवर्जन

Photo : Times Now Digital

Delhi Traffic Advisory AI Summit 2026: राजधानी दिल्ली में आज से 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' का आगाज हो चुका है। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस पांच दिवसीय महाकुंभ के लिए प्रगति मैदान के भारत मंडपम में तैयारियां पूरी हैं। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, वरिष्ठ मंत्री और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। वी VIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक डीटेल्ड एडवाइजरी जारी की है, ताकि आम जनता और खासकर बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

इन रास्तों पर रहेगा VIP मूवमेंट का असर

शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली जिले के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, लोधी रोड फ्लाईओवर, अकबर रोड, जनपथ और शांति पथ जैसे इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रह सकती है। इसके अलावा सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, तिलक मार्ग और भगवान दास रोड पर भी सुरक्षा कारणों से आवाजाही सीमित की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भैरो मार्ग और मथुरा रोड के कुछ हिस्सों को VIP काफिले के गुजरने के दौरान पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। शहर के मध्य हिस्से में भीड़ कम करने के लिए गैर-जरूरी वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा।

AI Summit Traffic advisory

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी (X/@dtptraffic)

बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए खास इंतजाम

इस शिखर सम्मेलन का समय सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के साथ टकरा रहा है, जो 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। चूंकि VIP रूट पर लगभग 10 प्रमुख स्कूल स्थित हैं, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने छात्रों की सुविधा के लिए विशेष नोडल अधिकारियों की तैनाती की है। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, लेकिन छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सुबह 10 बजे तक केंद्र पर पहुंच जाएं। पुलिस और शिक्षा विभाग मिलकर काम कर रहे हैं ताकि छात्र बिना किसी बाधा के समय पर अपने सेंटर पहुंच सकें। सड़क पर तैनात स्टाफ को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे वर्दी में मौजूद छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिलाएं।

मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बेहतर

ट्रैफिक पुलिस ने समिट में आने वाले प्रतिनिधियों और आम जनता से निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की जोरदार सिफारिश की है। प्रगति मैदान (सुप्रीम कोर्ट) मेट्रो स्टेशन भारत मंडपम पहुंचने के लिए सबसे उपयुक्त है। सम्मेलन में शामिल होने वाले लोगों के लिए गेट नंबर 10 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। निजी वाहनों से आने वाले लोगों के लिए दिल्ली चिड़ियाघर, नेशनल स्टेडियम और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए शटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा आयोजन स्थल के आसपास बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी के लिए टेलीकॉम ऑपरेटरों को नेटवर्क ऑप्टिमाइज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के लिए सलाह

यद्यपि एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर कोई बड़ा प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, फिर भी पुलिस ने यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए एनएच-48 और सेक्टर-22 द्वारका टनल का उपयोग करना सबसे सुरक्षित रहेगा। वहीं नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वालों को रिंग रोड, आश्रम चौक और वंदे मातरम मार्ग जैसे कॉरिडोर का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस की सोशल मीडिया अपडेट्स जरूर देख लें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article