शहर

दिल्ली में ISI के जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, स्पेशल सेल ने युवा पति-पत्नी को किया गिरफ्तार; दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजते थे भारतीय सिम

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुबई के रास्ते पाकिस्तान सिम कार्ड भेजते थे।

Image

दिल्ली से साहिल और समीरा गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने राजधानी और आसपास के इलाकों में सक्रिय पाकिस्तान समर्थित एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के एक युवा दंपति को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और उसके खुफिया अधिकारियों (PIO) के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों साल 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े हुए थे।

दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे 8 सिम कार्ड, मिले 30 हजार रुपये

जांच में सामने आया कि आरोपियों का मुख्य काम भारतीय सिम कार्ड जुटाकर पाकिस्तान तक पहुंचाना था। साल 2024 और 2025 के दौरान दोनों ने कथित तौर पर 8 भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भिजवाए। इस काम के बदले उन्हें पाकिस्तानी हैंडलर्स से करीब 30 हजार रुपये मिले। इन भारतीय नंबरों पर पाकिस्तान में बैठकर व्हाट्सऐप अकाउंट एक्टिवेट किए गए। इसके बाद इन नंबरों का इस्तेमाल भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रवेश करने और संवेदनशील सैन्य व सुरक्षा संबंधी जानकारियां जुटाने के लिए किया जा रहा था।

कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी और भर्ती करवाने का मिला था टास्क

पुलिस जांच में पता चला है कि साहिल पहले एक स्थानीय एजेंट के जरिए पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी (PIO) से मिला था। इसके बाद उसे भारत के अलग-अलग हिस्सों में स्थित कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी करने और इस काम के लिए अन्य स्थानीय लोगों को तैयार व भर्ती करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

मोबाइल फॉरेंसिक जांच में मिले संदिग्ध चैट के सबूत

स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। फॉरेंसिक जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ हुई संदिग्ध बातचीत, चैट और निर्देशों के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में दिल्ली-एनसीआर के और कौन-कौन से लोग शामिल हैं और इन्होंने अब तक कौन-कौन सी जानकारियां सीमा पार भेजी हैं।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article