शहर

जश्न के बीच सुरक्षा का पहरा: क्रिसमस-नए साल पर दिल्ली में 20 हजार जवान तैनात, स्टंट करने वालों की खैर नहीं

क्रिसमस और नए साल के असवर पर दिल्ली को सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है और राजधानी में 20 हजार जवानों की तैनाती की गई है। इस बीच पुलिस ने शराब पीकर चलाने वाले और स्टंट करने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी है।

Image

क्रिसमस-नए साल पर दिल्ली में 20 हजार जवान तैनात (Photo- Canva)

Delhi News: क्रिसमस और नए साल के स्वागत के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरी तरह तैयार है, लेकिन जश्न के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूरी दिल्ली में लगभग 20,000 पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। क्योंकि दिल्ली की सीमाएं उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लगती हैं और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद की जा रही है। यही कारण है कि सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य हुड़दंगियों पर लगाम कसना और यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक बिना किसी डर के त्योहारों का आनंद ले सकें।

स्टंटबाजों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

ट्रैफिक पुलिस ने खास तौर पर उन युवाओं के लिए सख्त योजना तैयार की है जो सड़कों पर मोटरसाइकिल या कार से स्टंट करते हैं या फिर शराब पीकर तेज गति में वाहन चलाते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई भी व्यक्ति खतरनाक ड्राइविंग या स्टंट करते हुए पाया गया, तो उसका वाहन तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस, हौज खास समेत राजधानी के प्रमुख बाजारों और मॉल्स के आसपास यातायात को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त नाके लगाए हैं। कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में केवल वैध स्टिकर वाले वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा, जबकि इंडिया गेट जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के अतिरिक्त घेरे बनाए गए हैं ताकि पैदल चलने वालों को असुविधा न हो।

सीमाओं पर नाकेबंदी और संदिग्धों के लिए तलाशी अभियान

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और रैन बसेरों में भी सघन तलाशी अभियान चला रही है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे लोगों की पहचान करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकना है। दिल्ली में प्रवेश करने वाले 15 प्रमुख रास्तों पर अर्धसैनिक बलों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि पड़ोसी राज्यों से आने वाले शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। सभी थानों के प्रभारियों (SHO) को अपनी टीमों के साथ शिफ्ट के अनुसार सड़कों पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे पूरी रात सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article