शहर

दिल्ली में AATS का बड़ा एक्शन, वांटेड बदमाश सोनू पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगते ही धराया

दिल्ली में AATS टीम ने एक कुख्यात बदमाश सोनू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पकड़ने की कोशिश के दौरान टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

Image

Delhi encounter

Photo : Times Now Digital

Delhi Police Encounter: दिल्ली में देर रात पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गोली लगने के कारण वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सोनू के तौर पर हुई है। वह गोविंदपुरी थाना क्षेत्र का घोषित बदमाश है। आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) को सूचना मिली थी कि बदमाश सोनू मूलचंद मेट्रो स्टेशन के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाकर निगरानी शुरू कर दी। देर रात जैसे ही सोनू अपनी बाइक पर सवार होकर मूलचंद मेट्रो स्टेशन से लेडी श्रीराम कॉलेज के पीछे वाली गली की ओर पहुंचा, तभी पुलिस टीम ने उसे रोकने और सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर ही गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा में गोली चलाई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाी में कांस्टेबल अक्षय ने दो राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई। जिसके बाद बदमाश घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

आरोपी के खिलाफ पहले से 17 मामले दर्ज

जांच में पता चला है कि गिरफ्तार बदमाश सोनू के खिलाफ सेंधमारी, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article