शहर

OPPO-OnePlus के नाम पर बिक रहा था फर्जी सामान, दिल्ली में नकली मोबाइल का खेल उजागर

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली मोबाइल उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करोल बाग और मोती नगर में छापेमारी की। इस दौरान OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के नकली उत्पाद, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

Image

दिल्ली में नकली मोबाइल उत्पादों का बड़ा भंडाफोड़

Photo : Times Now Digital

Delhi Fake Product: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली मोबाइल उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के फर्जी सामान बनाने और बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने करोल बाग और मोती नगर इलाके में छापेमारी की। जहां फर्जी उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग करने वाले दो गोदाम और एक फैक्ट्री सील कर दी। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की AGS यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामी मोबाइल कंपनियों के नकली सामान और पैकेजिंग सामग्री तैयार कर रहे हैं। जिन्हें असली ब्रांड की बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। इस सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए करोल बाग के रेघरपुरा इलाके में स्थित दो गोदामों पर छापेमारी की। जहां से बड़ी मात्रा में OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के नकली सामान और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई।

पुलिस ने 8 मशीनें की जब्त

जांच के दौरान पता चला कि इन गोदामों में मशीनों के जरिए नकली मोबाइल एक्सेसरीज और अन्य उत्पादों की पैकेजिंग हो रही थी। जिसके बाद पुलिस ने मोती नगर में भी एक फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की, जहां इन कंपनियों के नकली पैकेजिंग बॉक्स बनाए जा रहे थे। पुलिस ने फैक्ट्री को सील करते हुए वहां लगी आठ मशीनों को भी जब्त कर लिया।

गिरोह में कितने लोग शामिल, जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसके तार किन-किन इलाकों में फैले हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article