देश में एक पाकिस्तानी गैंगस्टर के नेटवर्क का फंडाफोड़ हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसमें पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े उसके अहम गुर्गे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन है। 18 साल का यह आरोपी उत्तर प्रदेश में रामपुर का मूल निवासी है।
पुलिस ने बताया है कि हरमनदीप के मोबाइल फोन से शहजाद भट्टी और उसके विदेश में बैठे साथियों के साथ सोशल मीडिया पर हुई कई आपत्तिजनक चैट्स मिली हैं। इन चैट्स को गौर से पढ़ने पर भारत में आतंकवादी गतिविधियों की साजिश के भी संकेत मिले हैं।
आरोपी के पास से काला स्प्रे पेंट भी मिला है, जिससे उसने पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा क्षेत्र में तीन जगहों र 'TTH' लिखकर ग्रैफिटी की थी। उसके मोबाइल फोन में इन गतिविधियों के फोटो और वीडियो उपलब्ध हैं।
जांच में पता चला है कि शाहजाद भट्टी और उसके पाकिस्तानी हैंडलर्स सोशल मीडिया के माध्यम से भारत में युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे। पहले उन्हें छोटे-छोटे काम दिए जाते थे। इनमें पैसे का लेन-देन, ठिकाने की व्यवस्था, संवेदनशील जगहों की रेकी करना और दीवारों पर ग्रैफिटी करना भी शामिल था। इसके बाद उन्हें धीरे-धीरे बड़े हमलों जैसे फायरिंग और ग्रेनेट अटैक के लिए तैयार किया जाता था।
पुलिस ने अपने जांच में पाया है कि हरमन को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में इसी तरह की गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश मिले थे। यही नहीं उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड फेंकने की योजना भी बनाई गई थी। इसके लिए बकायादा हथियार और ग्रेनेड पंजाब के रास्ते ड्रोन के जरिए भेजने की योजना थी।
हरमनदीप ने कम उम्र में ही पढ़ाई छोड़ दी थी और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने लगा। वह गैंगस्टरों की चमक-दमक से काफी प्रभावित था और उसी रास्ते पर चल पड़ा। साल 2023 में उसने घर छोड दिया और अमृतसर पहुंचा, यहां उसकी मुलाकात गाग से से जुड़े लोगों से हुई। इसके बाद हरमन में इंस्टाग्राम पर शाहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क से संपर्क साधा और धीरे-धीरे उसके इशारों पर काम करने लगा।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी हरमन के खिलाफ कानूनी कार्रवाी शुरू कर दी है। इसके साथ ही सके फरार साथियों की तलाश भी जारी है। पुलिस के मुताबिक इस गिरफ्तारी से एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को को नाकाम करने में सफलता मिली है।
