Wrestlers Protest : भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों का धरना-प्रदर्शन अनवरत रूप से जारी है। इस बीच एक बड़ी सामने आई कि गीता फोगाट और उनके पति को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ये जानकारी गीता फोगाट ने टि्वटर पर दी। बता दें कि गीता फोगाट, विनेश फोगाट की चचेरी बहन होने के साथ-साथ राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भी हैं। दरअसल, गुरुवार को जंतर-मंतर पर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने एक संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता की, लेकिन इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन सभी को धरना-स्थल पर जाने से रोक दिया था।
पति संग गीता को किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया जारी किए गए वीडियो में दिख रहा है कि गीता फोगाट को उनके पति के साथ पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। गीता को इस वीडियो में विनेश से मिलने की अनुमति मांगते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया है कि जहांगीरपुरी के पास गीता फोगाट और उनके पति को रोका गया था, हालांकि उन्हें छोड़ने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, इस पूरी घटना के बारे में गीता ने एक ट्वीट भी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि 'मुझे और मेरे पति पवन सरोहा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। बहुत दुःखद'
पहलवानों से पुलिस की हुई थी झड़प
कहा गया कि, बुधवार की रात करीब 11 बजे सभी प्रदर्शनकारी पहलवान सोने के लिए चारपाई लेकर आ रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी हाथापाई हो गई। मौके पर माहौल बिगड़ता देख पुलिसकर्मियों ने पहलवानों से पूछताछ भी शुरू कर दी थी। बताते हैं कि बजरंग पूनिया ने किसान और आम जनता से जंतर-मंतर पर आने की भी अपील की थी।
प्रदर्शन के पीछे क्या है वजह
भारतीय पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। ये आरोप महिला पहलवानों के साथ हुई कथित घटनाओं को लेकर लगाया है। इस प्रदर्शन में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया जैसे कई नामी पहलवान शामिल हैं। हालांकि WFI अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। वहीं, पहलवानों ने भी कहा है कि उनका प्रदर्शन बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी होने तक अनवरत रूप से जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
