दिल्ली

राजधानी दिल्ली में अचानक बढ़ी ठंड, दर्ज हुआ सीजन का सबसे ठंडा दिन; वायु गुणवत्ता अब भी ‘गंभीर’

दिल्ली में अचानक ही ठंडक होने लगी है, जहां शनिवार को हल्की ठंडक के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो हाल फिलहाल के दिनों में सबसे ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी और साफ आसमान के कारण ठंडी हवाओं का असर बढ़ा है।

Winter Chill Grips Delhi (Symbolic Photo: Canva)

दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Delhi Winter 2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम में हल्की ठंडक के साथ सर्दियों की दस्तक साफ महसूस की गई। तापमान में गिरावट के साथ हवा में ठंड का असर बढ़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन दिनों अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। यह तापमान औसत से करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, इस सर्दी में पहली बार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा था।

आईएमडी के रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार ठंड थोड़ी जल्दी शुरू हुई है। वर्ष 2024 में दिल्ली का सबसे कम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में यह 9.2 डिग्री और 2022 में 7.3 डिग्री सेल्सियस तक गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी हिमालय में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद दिल्ली की ओर आने वाली ठंडी हवाएं और साफ आसमान विकिरणीय शीतलन (Radiative णooling) का कारण बने, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने रविवार के लिए हल्का कोहरा छाने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिन में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

‘गंभीर’ श्रेणी में वायु प्रदूषण का स्तर

इसी बीच, शनिवार को वायु प्रदूषण का स्तर कई क्षेत्रों में ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया, जिससे राजधानी फिर से देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शाम 4 बजे तक दर्ज किया गया 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 361 रहा। इस स्तर के साथ दिल्ली ‘रेड जोन’ में पहुंच गई और देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गई। राजधानी के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। सीपीसीबी के समीर ऐप पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में AQI 404, आईटीओ पर 402, नेहरू नगर में 406, विवेक विहार में 411, वजीरपुर में 420 और बुराड़ी में 418 तक पहुंच गया — जो सभी ‘गंभीर’ श्रेणी में आते हैं। एनसीआर के अन्य शहरों में भी स्थिति बेहतर नहीं रही।

‘बेहद खराब’ हो सकती है दिल्ली की हवा

सीपीसीबी के अनुसार, नोएडा में AQI 354, ग्रेटर नोएडा में 336 और गाजियाबाद में 339 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 322 था। वायु गुणवत्ता के निर्णय समर्थन प्रणाली (DSS) की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान करीब 30% रहा, जबकि परिवहन क्षेत्र से 15.2% प्रदूषण दर्ज किया गया। उपग्रह से मिले आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को पंजाब में 100, हरियाणा में 18 और उत्तर प्रदेश में 164 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गईं। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में भी दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रहने की संभावना है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0–50 के बीच AQI को “अच्छा”, 51–100 “संतोषजनक”, 101–200 “मध्यम”, 201–300 “खराब”, 301–400 “बहुत खराब” और 401–500 “गंभीर” श्रेणी में रखा जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article