दिल्ली

राहुल गांधी को वोट चोरी की चिंता केवल महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा में ही क्यों है, दिल्ली में क्यों नहीं- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस इस देश में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व कर रही थी। जिस समय दिल्ली के चुनाव थे हम भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थे, परंतु इस बात से दुख होता है कि जब अरविंद केजरीवाल जनवरी के महीने में वोटर लिस्ट में हो रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, तो कांग्रेस, बीजेपी की गोद में बैठी हुई थी।

Image

आप नेता सौरभ भारद्वाज (फाइल फोटो- PTI)

एक वीडियो के माध्यम से एक बयान जारी करते हुए आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली का चुनाव हुए 6 महीने बीत चुके हैं और पिछले 6 महीने से दिल्ली का हर एक व्यक्ति इस बात से परेशान है कि जब हर जगह यह चर्चा थी कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनना तय है, तो आखिर भाजपा की जीत कैसे हुई? उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का मामला उठाया गया जिससे एक बार फिर पूरे देश के लोगों का ध्यान इस बात की ओर आकर्षित हुआ है, हालांकि राहुल गांधी ने दिल्ली में वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी का जिक्र अपनी प्रेस वार्ता में नहीं किया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज कांग्रेस जो मुद्दा उठा रही है, आप सभी को याद होगा कि चुनाव से दो महीने पहले दिसंबर और जनवरी के महीने में आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने, खुद अरविंद केजरीवाल ने तथ्यों के साथ प्रेस वार्ता कर मीडिया में इस बात को उजागर किया था कि किस प्रकार से पूरी दिल्ली की अलग-अलग विधानसभाओं में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का काम किया जा रहा है। सौरभ भारद्वाज ने अरविंद केजरीवाल द्वारा 29 दिसंबर को की गई प्रेस वार्ता का हवाला देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रेस वार्ता में बताया था कि किस प्रकार से बीएलओ द्वारा पूरे क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे करने के बाद जब वोटर लिस्ट जारी कर दी गई तो कुछ संदिग्ध लोग जो कि एक ही विशेष पार्टी से जुड़े हुए थे, उनके द्वारा लगातार नई दिल्ली विधानसभा में रोजाना अलग-अलग जगह पर से कहीं हजार वोट तो कहीं 800 वोट तो कहीं 500 वोट काटने की अर्जी दी गई। एक आंकड़ा देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 15 दिसंबर से लेकर 29 दिसंबर 2024 के बीच कुल 14 दिनों में नई दिल्ली विधानसभा में से लगभग 5000 वोट काटने के लिए और लगभग 7500 नए वोट बनाने के लिए इस प्रकार की अर्जी इलेक्शन कमीशन को दी गई। नए वोट बनाने के मामले में एक बड़ा खुलासा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि खुद प्रवेश वर्मा जो इस विधानसभा से चुनाव लड़ रहे थे उनके सरकारी आवास के पते से नए 33 वोट बनाने की एप्लीकेशन दी गई।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लगातार इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की तरफ से आवाज उठाई जा रही थी परंतु सरकार की ओर से तथा चुनाव आयोग की ओर से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक अन्य प्रेस वार्ता का हवाला देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 6 जनवरी 2025 को भी इस संबंध में हमारे पार्टी के बड़े नेता संजय सिंह, आतिशी और राघव चड्ढा ने एक सांझा प्रेस वार्ता कर इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने बताया कि इस प्रेस वार्ता के माध्यम से भी यह जानकारी सार्वजनिक की गई कि 15 दिसंबर 2024 से लेकर 2 जनवरी 2025 के बीच में कुछ खास चुनिंदा लोगों के द्वारा 10500 नए वोट बनाने के लिए और लगभग 6000 वोट डिलीट करने के लिए अर्जियां दी गई। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इसमें खास बात यह है, कि यह अर्जियां उनके द्वारा अपना वोट डिलीट करने के लिए नहीं बल्कि दूसरों के वोट डिलीट करने और नए वोट बनाने के संबंध में दी गई। इस संबंध में एक उदाहरण देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लगभग 4283 वोट काटने की अर्जी मात्र 84 लोगों द्वारा दी गई।

इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा ही चौंकाने वाला खुलासा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने बताया, कि जब हमने चुनाव आयोग से इस बात की अपील करी कि यह कौन लोग हैं जो इस प्रकार से लोगों के वोट काटने की और नए वोट बनाने की अर्जियां लगातार दे रहे हैं, इसकी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग ने इन लोगों को जांच के लिए बुलाया तो इन लोगों ने बताया कि उनके द्वारा ऐसी कोई भी अर्जी नहीं दी गई है और इस बारे में उन लोगों को कोई जानकारी ही नहीं है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस इस देश में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व कर रही थी। जिस समय दिल्ली के चुनाव थे हम भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थे, परंतु इस बात से दुख होता है कि जब अरविंद केजरीवाल जनवरी के महीने में वोटर लिस्ट में हो रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, तो कांग्रेस, बीजेपी की गोद में बैठी हुई थी। उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता कर इस मुद्दे को उठाया, यह बहुत अच्छी बात है, परंतु कल भी राहुल गांधी ने अपनी प्रेस वार्ता में महाराष्ट्र का नाम लिया, हरियाणा का नाम लिया, कर्नाटक का नाम लिया परंतु दिल्ली को कल भी भूल गए। क्या दिल्ली इस देश का हिस्सा नहीं है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब कांग्रेस की ओर से इस प्रकार का रवैया अपनाया जाता है तो ऐसा प्रतीत होता है, कि कांग्रेस लड़ाई तो लड़ना चाहती है, परंतु केवल अपनी लड़ाई लड़ना चाहती है। कांग्रेस विपक्ष की लड़ाई नहीं लड़ना चाहती, इस देश की लड़ाई नहीं लड़ना चाहती, लोकतंत्र की लड़ाई नहीं लड़ना चाहती और ऐसा करने से यह लड़ाई कमजोर होती है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम इस बात का समर्थन करते हैं, कि राहुल गांधी जी ने तथ्यों के साथ जो शिकायत चुनाव आयोग के समक्ष की है, चुनाव आयोग को भी उसका तथ्यात्मक रूप से जवाब देना चाहिए। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव आयोग का यह कहना कि एफिडेविट पर शिकायत दीजिए बिल्कुल गलत है। क्योंकि यदि एफिडेविट पर ही शिकायत ली जाती है, तो चुनाव आयोग को भाजपा के नेता विजेंद्र गुप्ता और भाजपा के उपराज्यपाल महोदय द्वारा जो आम आदमी पार्टी और पार्टी के नेताओं के खिलाफ लगातार शिकायतें की जाती रही हैं, वह भी एफिडेविट पर लेनी चाहिए थी, ताकि शिकायतों में सच्चाई ना निकलने पर हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर पाते। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यह दोहरा रवैया नहीं अपनाना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी के एक प्रकोष्ठ के रूप में दिखाई दे रहा है एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए पदाधिकारी नजर नहीं आ रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article