Weather Update: दिल्ली एनसीआर में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला है। एनसीआर के कई हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ-साथ बारिश हुई है। जिससे मौसम ठंडा हो गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बर्फबारी हुई है। मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में भी मौसम में बदलाव हुआ है और बारिश हुई है।
दिल्ली एनसीआर में बारिश
दिल्ली एनसीआर में रविवार सुबह हल्की बारिश और फिर शाम में भी कई इलाकों में ओले गिरे, साथ ही हल्की बारिश भी हुई। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में 4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। शहर में आज और बारिश या बूंदाबांदी की संभावना के साथ बादल छाए रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मोसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। अगले 3 घंटों में सोनभद्र, अलीगढ़, बुलंदशहर, जी.बी.नगर, गाजियाबाद के अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर व्यापक बारिश और बर्फबारी हुई। हिमाचल प्रदेश के सुदूर लाहौल-स्पीति जिले में रविवार को भारी बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की सूचना मिली है। अधिकारियों ने कहा कि चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों के अंदरूनी इलाकों में हिमस्खलन का खतरा है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के कुछ भागों में पिछले 24 घंटे के दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता के अनुसार इस दौरान पूर्वी राजस्थान के सिरोही के रेवदर में सर्वाधिक 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ के गंगरार में 18 मिमी, उदयपुर के गोगुंदा में 15 मिमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 13 मिमी,भीलवाड़ा के मांडल में 13 मिमी, अजमेर के गोयला में 13 मिमी, भरतपुर के वैर में 12 मिमी, सिरोही के पिंडवाड़ा में 11 मिमी, जालोर के सांचौर में 11 मिमी, आबूरोड में 10 मिमी, भरतपुर में 10 मिमी, राजसमंद के देवगढ़ में 10 मिमी और अन्य कई स्थानों पर 9 मिमी से एक मिमी तक बारिश दर्ज की गई।
जम्मू-कश्मीर में भी बारिश
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने मौसम संबंधी परिस्थितियों में सुधार होने के बाद रविवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा और पुलिस ने रामबन जिले में 200 से अधिक पर्यटकों सहित बड़ी संख्या में फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि रामबन में डलवास, मेहद-कैफेटेरिया और हिंगनी सहित बनिहाल और नाशरी के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भारी वर्षा के कारण भूस्खलन और पत्थर गिरने के बाद शनिवार तड़के 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग को बंद कर दिया गया था।
मध्य प्रदेश में भी बारिश और ओलावृष्टि
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भोपाल में शनिवार दोपहर तीन बजे के बाद भारी बारिश हुई और 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सुबह साढ़े आठ बजे तक 6.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। चित्रकुट में भी रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
