Delhi Water Crisis : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। जल संकट के कारण दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिसके लिए मारामारी देखने को मिल रही है। एक टैंकर के सहारे हजारों लोग दिखाई दिए। लोग जान जोखिम में डालकर टैंकर से पानी निकालने के प्रयास में दिखाई दिए। उधर, भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने गुरुवार को जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने कंधों पर मिट्टी के बर्तन और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
52 डिग्री तापमान में BJP का प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में महिलाओं ने वहां मिट्टी के बर्तन भी फोड़े। प्रदर्शनकारियों में से एक ने बयान में कहा कि शहर में पानी के संकट ने कई महिलाओं को पेयजल के लिए 52 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी अपने घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों को मुफ्त स्वच्छ पानी देने का वादा किया था, लेकिन ''आज स्वच्छ पानी तो छोड़िए, पीने योग्य पानी भी समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
पानी की बर्बादी पर 2,000 रुपये का जुर्माना
महिला प्रदर्शनकारी ने कहा कि दिल्ली सरकार को सोचना चाहिए कि इस गर्मी में पानी को लेकर उन्होंने क्या इंतजाम किए हैं। भाजपा महिला मोर्चा की एक कार्यकर्ता ने दावा किया कि हमेशा अपनी कमियों के लिए हरियाणा को दोषी ठहराने वाले केजरीवाल और उनके मंत्री एक बार फिर हरियाणा को दोषी ठहरा रहे हैं, लेकिन हरियाणा सरकार समझौते में तय की गई सीमा से ज्यादा पानी दिल्ली को दे रही है। इस बीच, दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी के बीच शहर में हो रहे जल संकट को लेकर एक आपातकालीन बैठक की।
राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी हो रही है और शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने बुधवार को पानी की बर्बादी पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया और जुर्माना लागू करने के लिए 200 टीमें बनाईं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
