Delhi News: हिंदू धर्म का पर्व चैत्र नवरात्रि 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है, जिसे देशभर के लोग धूमधाम से मनाते हैं। इस पर्व को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने दिल्ली नगर निगम के सामने एक मांग रखी है। वीएचपी ने एमसीडी से आग्रह किया है कि हिंदू मंदिरों के एक किमी के दायरे में जो भी मीट की दुकानें हैं, उन्हें चैत्र नवरात्रि के पावन दिनों में बंद रखा जाए। साथ ही यह भी कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो इससे हिंदू समाज की भावनाओं को चोट पहुंच सकती है, इसलिए इस मामले में उचित कार्रवाई करें।
VHP ने पत्र लिखकर रखी अपनी मांग
वीएचपी इंद्रप्रस्थ ( दिल्ली) प्रांत के मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने इस संबंध में आज दिल्ली नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 9 अप्रैल से होने वाली है और ये पावन दिन 17 अप्रैल तक चलेंगे। चैत्र नवरात्रि के ये नौ दिन हिंदू समाज के लिए बहुत पवित्र होते हैं। हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले दिल्ली के लाखो लोग इन 9 दिनों के दौरान पूरी तरह से शाकाहारी खाना खाते हैं। ऐसे में चैत्र नवरात्रि पर हिंदू मंदिरों के एक किमी के दायरे में आने वाली मीट की दुकानों को बंद रखा जाए।
रामनवमी तक आदेश पारित करने का आग्रह
सुरेंद्र गुप्ता ने आगे कहा है कि चैत्र नवरात्रि में मंदिरों के पास स्थित मीट की दुकानों को बंद नहीं करने से हिंदूओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी घटना भी हो सकती है। इस कारण नगर निगम आयुक्त इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से आग्रह किया कि रामनवमी तक एक आदेश पारित करें और सभी जोनल उपायुक्तों को मीट की दुकान बंद रखने का पालन करने से संबंधित निर्देश जारी करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
